मीरगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: मीरगंज थाने में महिला हेल्प डेस्क बनने के बाद थाने आ रही पीड़ित महिलाओं की समस्या के समाधान में काफी बदलाव आ गया है।
थाने आने पर पीड़ित महिलाएं महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला पदाधिकारी से अब बेहतर ढंग से अपनी समस्याओं का को रख रही हैं और उन पर त्वरित कार्रवाई भी हो रही है।
गौरतलब है कि उच्च स्तरीय आदेश के बाद मीरगंज थाने में महिला हेल्प डेस्क को कार्यान्वित कर दिया गया है| महिला हेल्प डेस्क का प्रभार प्रतिमा निगम को सौंपा गया है। नए प्रकोष्ठ के स्थापना होने के बाद थानाध्यक्ष का बोझ भी आंशिक रूप से कम हुआ है।
वही परेशान पीड़ित महिलाएं अब अपनी समस्याओं को महिला पदाधिकारी के सामने नि:संकोच कह सुनकर अपनी बातें बता रही हैं। महिला हेल्पडेस्क के स्थापना होने के बाद स्थानीय बुद्धिजीवियों ने इसे प्रगतिशील कदम बताते हुए देर से ही सही पर एक दुरूस्त कदम बताया है।
महिला हेल्पडेस्क पदाधिकारी प्रतिमा निगम ने बताया कि सर्वप्रथम उनका प्रयास पीड़ित महिला की शिकायतों के बाद दोनों पक्षों को सुनकर स्थानीय स्तर पर ही उसका निदान कर देना होता है और उनको खुशी है कि वे इस मामले में काफी सफल रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रभार संभालने के बाद अब तक महिलाओं से संबंधित दर्जनों मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन हो चुका है अभी तक मात्र एक मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की नौबत आई है क्योंकि वह मामला गंभीर किस्म का था। इस बीच थाने में महिलाओं की निर्भीक और निर्विघ्न ढंग से सुनवाई होने से महिलाओं में थाने पर जाने का भय कम हुआ है और साथ ही साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता हुआ देखा जा रहा है।