गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के नगर थाना क्षेत्र के साधु चौक मठिया गांव में बगीचे में गाय बांधने के विवाद को लेकर हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है। मारपीट में घायल लोगों में राहुल भारती, सुमंत भारती, लाईची देवी और रंजन भारती शामिल हैं।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि राहुल भारती अपनी गाय को लेकर बगीचे में बांधने के लिए गया था। इस बीच पड़ोस के लोग गाय बांधने का विरोध करने लगे। मना करने पर उक्त लोगों ने लाठी डंडे से मारपीट कर राहुल भारती को घायल कर दिया। बीच-बचाव करने के लिए जब रंजन भारती, सुमंत भारती, लाईची देवी पहुंची तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
मौके पर मौजूद अन्य लोगों के बीच बचाव करने के बाद मामला जब शांत हुआ तो सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है।
वहीं इस घटना की सूचना मारपीट में घायल लोगों ने नगर थाना की पुलिस को दे दी है। नगर थाना की पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में मारपीट में घायल लोगों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद हमला करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।