बैकुंठपुर । व्हीएसआरएस संवाददाता: प्रखंड के बाढ़ पीड़ित परिवारों को इस वर्ष डेढ़ महीने बाद भी सहायता राशि का भुगतान नहीं किया जा सका है। बाढ़ पीड़ित परिवार आर्थिक बदहाली से जूझ रहे हैं। ऐसे परिवार अंचल कार्यालय से लेकर पंचायत प्रतिनिधियों के घर तक का चक्कर लगा रहे हैं। कई लोग बैंक व सीएसपी में भी प्रतिदिन अकाउंट चेक करा रहे हैं। लेकिन बाढ़ पीड़ितों को निराशा ही हाथ लग रही है।
बता दें कि गंडक नदी के निचले इलाके में इस वर्ष जुन महीने में आई विनाशकारी बाढ़ से अब तक लोग तबाही झेलते रहे। बाढ़ का पानी गांवों से उतर गया है। लेकिन पीड़ित परिवारों को सहायता राशि नहीं मिल पाई है। प्रशासनिक स्तर पर दो हजार बाढ़ पीड़ित परिवारों को 6-6 हजार रुपए बाढ़ सहायता राशि का भुगतान आखिर किन परिस्थितियों में नहीं किया जा रहा है।
यह ग्रामीणों की समझ से परे है। राशि नहीं मिलने की स्थिति में बाढ़ पीड़ितों का धैर्य अब टूटने लगा है। बाढ़ पीड़ित प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से राशि भुगतान की गुहार लगा चुके हैं। अब खुद को भगवान भरोसे छोड़ दिए हैं। बाढ़ पीड़ित परिवारों की नाराजगी प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक है