मीरगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: मीरगंज थाना क्षेत्र के दुदही गांव में एक महिला की चाय बनाते समय गैस पाइप में हुए लिकेज से लगी आग से बुरी तरह झुलस गई। झुलसी महिला का नाम पिंटू देवी बताया जाता है जो राहुल राम की पत्नी है।
बताया जाता है कि बुधवार की सुबह पिंटू देवी अपने घर पर चाय बना रही थी कि तभी अचानक गैस पाइप से रिसाव होने लगा और देखते देखते आग ने विकराल रूप पकड़ लिया। इसके पहले की महिला मौके से भाग पाती, वह आग के चपेट में आ गई जिसके कारण वह बुरी तरह झुलस गई।
घटना के समय उसके परिजन खेतों में काम करने गए थे जिसके कारण वह घंटो घर में तड़पती रही। बाद में हो-हल्ला मचने के बाद परिजन घायल को इलाज के लिए हथुआ अनुमंडल अस्पताल लाए जिसे देखते ही डॉक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में भी स्थिति गंभीर होने के कारण महिला को गोरखपुर रेफर कर दिया गया है।
परिजनों ने बताया कि पिंटू देवी की शादी 2 साल पहले राहुल राम से हुई थी। परिवार का भरण पोषण करने के लिए राहुल राम मजदूरी करने महाराष्ट्र गया हुआ था तभी वहां पर निर्माणाधीन मकान के छत से गिर जाने से उसकी मौत हो गई। उसके बाद महिला अपने मायके में ही रह रही थी।