उचकागांव।व्हीएसआरएस संवाददाता: थाना क्षेत्र के श्यामपुर गांव में भाजपा नेता के घर पर कुछ दबंग लोगों ने घुसकर एक महिला सहित तीन लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया। मामले में भाजपा नेता नीरज कुमार सिंह के पिता ध्रुप नारायण सिंह ने अपने ही गांव के पांच नामजद और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और लूटपाट की प्राथमिकी थाने में कराई है। इसमें उचकागांव के प्रखंड प्रमुख विश्वजीत यादव, उनके शिक्षक पिता अरविन्द यादव, चाचा राजीव पहलवान, प्रभाकर यादव, विनय यादव और आधा दर्जन अज्ञात को आरोपित किया गया है।
एफआईआर में ध्रुप नारायण सिंह ने आरोप लगाया है कि 26 जनवरी कि दोपहर डेढ़ बजे के करीब सफारी व स्कार्पियो गाड़ी सवार अरविन्द यादव, राजीव यादव, विश्वजीत यादव, विनय यादव, प्रभाकर यादव और 7-8 अज्ञात लोग आए और सड़क किनारे खड़े मेरे पुत्र नीरज कुमार सिंह को धक्का मारना चाहा। जिसमें वह बाल बाल बच गए। इस दौरान उन लोगों ने नलजल योजना के मेंटेनेंस के काम में रंगदारी की मांग की। जब मेरा पुत्र विरोध किया तो वे लोग गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद सभी एकजुट होकर हाथ में पिस्टल, हॉकी स्टिक लेकर मेरे घर पर धावा बोल दिए और परिवार के सदस्यों को मारपीट कर घायल कर दिया।
जिसमें गर्भवती पुत्रवधू अमृता देवी गंभीर रूप से चोटिल हो गई जिसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसकी चिंताजनक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया। मारपीट के दौरान ही घर में रखे सीएसपी का एक लाख रुपया भी लूट लिया गया। प्राथमिकी के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।