- सदर अस्पताल में चल रहा मारपीट में घायल महिला का इलाज।
गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के परसौनी गांव में हिस्से के विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक महिला घायल हो गई। घायल महिला को इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। घटना के संबंध में बताया गया है कि दिनेश यादव के पट्टीदारों से हिस्से को लेकर विवाद चल रहा था।
आज गुरुवार की सुबह दिनेश यादव सरपंच के यहां पंचायती कराने की लिए गए थे। इस दौरान उसकी पत्नी सविता देवी घर पर मौजूद थी। महिला ने आरोप लगाया कि पट्टीदारी के लोग घर पर पहुंचे और मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। खाट पर सोए दो बच्चों को उठाकर हमला करने वाले लोगों ने जमीन पर पटक दिया। जिससे वह भी घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद महिला के पति व परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां उनका इलाज चल रहा है। उधर घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।