मीरगंज| व्हीएसआरएस न्यूज: जिला पार्षद सह लोजपा नेता रामदर्शन प्रसाद उर्फ मुन्ना किन्नर दहशत के साए में जीने को मजबूर हैं| डर से उन्होंने खुद को अपने घर में ही अपने को कैद कर रखा है| जिला परिषद सदस्य मुन्ना किन्नर को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं जिसकी वजह से वे घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं| जिला पार्षद मुन्ना किन्नर ने सीएम नीतीश कुमार, डीजीपी, डीआईजी सारण के अलावे डीएम एवं एसपी तक को पत्र भेजकर अपनी जान की सुरक्षा की गुहार लगाई है|
मालूम हो कि जिला पार्षद राम दर्शन प्रसाद उर्फ मुन्ना किन्नर हथुआ जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्र संख्या 16 से जिला परिषद सदस्य हैं| वे दो बार हथुआ विधानसभा से चुनाव भी लड़ चुके हैं| उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान कुछ किन्नर के आड़ में नाच-गाना करने वाले लोगों के द्वारा जिले में जगह-जगह पर हंगामा और प्रदर्शन किया गया था| जिसका मुन्ना किन्नर ने विरोध किया था| जगह-जगह हंगामा करने वालों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया था| मुन्ना किन्नर ने बताया कि अब उन्हें उन्ही नाच गाना करने लोगों और आर्केस्ट्रा संचालकों के द्वारा जान से मारने की धमकी दी जा रही है|
दरअसल गोपालगंज में किन्नरों के द्वारा जगह-जगह हंगामा के बाद जिले के बरौली थाना, नगर थाना और बैकुंठपुर थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई थी| एफआईआर के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस द्वारा छापेमारी भी की गई थी| इसी छापेमारी के विरोध में नाच-गाना करने वाले किन्नरों ने मुन्ना किन्नर को फोन कर जान से मारने की धमकी दी है|
मुन्ना किन्नर का कहना है कि आरोपियों को लगता है कि उन्होंने ही जिला प्रशासन से मिलकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है| इसी की वजह से ओर्केस्ट्रा संचालकों और हंगामा करने वालों के द्वारा उन्हें धमकी दी जा रही है|
मुन्ना किन्नर का कहना है कि धमकी के बाद वे दहशत के साए में हैं और अपने घर में डरे -सहमे हुए हैं| मुन्ना किन्नर ने कहा कि गोपालगंज जिले में सिर्फ 12 परिवार किन्नर सनुदाय से हैं| उनके अलावा जो लोग भी हैं वे किन्नर के नाम पर नाच-गान करते हैं, लेकिन वे किन्नर नहीं बल्कि आदमी हैं|