मीरगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: मीरगंज शहर के मिल रोड में कच्ची नाली से पानी का निकास होता है जिससे पानी ओवर फ्लो होकर सड़क पर बहने लगता है| जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है|
शहर के वार्ड संख्या नौ व दस के लोगों को इससे अधिक फजीहत उठानी पड़ती है| नाले की नियमित सफाई नहीं होने से यह समस्या बनी है| पक्की नाली नहीं होने से लोग उसमें कचरा डाल देते है जिससे वह जाम हो जाता है और पानी इधर उधर फैलने लगता है| बरसात के दिनों जगह-जगह नाले का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहने लगता है। जिससे लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी होती है।
इन दोनों वार्डों का पानी चमरगड़ही में गिरता है जिससे आसपास के लोगों की परेशानी बढ़ जाती है। मिल रोड में कुछ जगह तक नाले का पक्कीकरण किया गया है लेकिन उसके आगे निर्माण नहीं हुआ है| जबकि इसी नाले से शहर का अधिकांश घरों का पानी निकलता है| कई जगहों पर रुकावट के कारण पानी सड़क पर बहने लगता है। यह समस्या पिछले दो दशक से है लेकिन कोई निदान नहीं किया गया है| इसकी सफाई के प्रति नगर परिषद प्रशासन भी उदासीन बना हुआ है।
नाले का कूड़ा सड़क पर :
मिल रोड या शहर के किसी भी हिस्से में नाले की साफ-सफाई होती है तो कचरा बाहर सड़क पर छोड़ दिया जाता है। कूड़े का उठाव नहीं होने से वह फिर नाले में चला जाता है जिससे जाम की समस्या उत्पन्न होती है और पानी ओवर फ्लो होकर सड़क बहने लगता है। कूड़े का उठाव नहीं होने से आसपास के लोग भी बदबू से परेशान होते हैं।
संक्रमण का बना रहता खतरा :
नाले की उड़ाही कर सड़क के बगल में छोड़ देने से संक्रमण का खतरा बना रहता है। गर्मी के महीने में तो धूप में नाले की उड़ाही से निकला कचरा सूख जाता है लेकिन ठंड के मौसम में इसका सूखना आसान नहीं रहता। इससे फैलती दुर्गंध से जहां आसपड़ोस के लोग और दुकानदार परेशान रहते। वहीं राहगीरों को भी परेशानी होती है। देखकर नहीं चले तो यह जूता-चप्पल में लगकर अलग मुश्किलें बढ़ा देता है। नाक पर रुमाल लेकर आवाजाही करने की नौबत बन आती है। लोगों ने उड़ाही के बाद सड़क किनारे नहीं फेंक शहर से बाहर सुनसान जगह पर इसे फेंकने की मांग नप प्रशासन से की है।
शहर में नालियों का जाल बिछाने की योजना है जिसपर कार्य भी किया जा रहा है| पानी की समुचित निकास के लिए नगर प्रशासन मास्टर प्लान बना रहा है| बरसात पूर्व नालियों की उड़ाही शुरू कर दी जाएगी|
डॉ अजीत कुमार शर्मा
कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद मीरगंज