गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में शनिवार की देर रात एक किसान को गोली मार दी गई। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी किसान राजेश यादव को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शनिवार की रात किसान खाना खाने के बाद अपने घर से बथान पर सोने के लिए जा रहा था। इस बीच वह जैसे ही अपने घर से कुछ दूर आगे बढ़ा कि पूर्व से रास्ते में घात लगाए कुछ लोगों ने उसके ऊपर फायरिंग कर दी। जिससे एक गोली उसके हाथ में लग गई और वह जमीन पर गिर पड़ा। गोली मारने के बाद अपराधी वहां से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर किसान के घर वाले भागे भागे घटनास्थल पर पहुंचे और जख्मी अवस्था में इलाज के लिए लेकर उसे सदर अस्पताल में पहुंचे। जहां डॉक्टरों की देखरेख में गोली लगने से जख्मी किसान का इलाज किया जा रहा है।
इस घटना की सूचना किसान के परिवार के सदस्यों ने मीरगंज थाने की पुलिस को दे दी है। पुलिस घटना की सूचना मिलने के बाद मामले की छानबीन करने में जुट गई है। मीरगंज थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया की जमीन विवाद को लेकर चचेरे भाई से विवाद हुआ था। पुलिस को घटना की सूचना मिली है। मामले की जांच कर आगे की करवाई की जायेगी।