पटना| व्हीएसआरएस न्यूज: बिहार मे दलित बच्चियों का जबरन धर्म परिवर्तन कर उनका निकाह कराया जा रहा है। यह आरोप है प्रदेश की सरकार में शामिल सबसे बड़ी पार्टी भाजपा का। इस मसले पर भाजपा नेता और बिहार सरकार के मंत्री जनक राम ने बकायदा गोपालगंज और जमुई के डीएम और एसपी को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। बिहार भाजपा के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से मंत्री के दोनों पत्रों को साझा करते हुए दावा किया गया है कि इन दो जिलों में महादलित समुदाय की बेटियों को अगवा कर जबरन धर्म परिवर्तन और निकाह कराया गया है।
बिहार सरकार में खनन एवं भूतत्व विभाग के मंत्री हैं जनक राम
बताते चले कि जनक राम बिहार सरकार में खनन एवं भूतत्व विभाग के मंत्री हैं। वे गोपालगंज से लोकसभा में भी जा चुके हैं। उन्होंने राज्य के दो जिलों के डीएम और एसपी को अलग-अलग पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। गोपालगंज के डीएम और एसपी को लिखे पत्र में उन्होंने पीडि़त परिवार और आरोपितों के नाम-पते का उल्लेख करते हुए कहा है कि महादलित परिवार की बच्ची का अपहरण करना शर्मनाक और निंदनीय है। ऐसी घटनाओं से संबंधित वर्ग में असुरक्षा की भावना प्रबल होगी। उन्होंने दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जानकारी देने की बात दोनों अधिकारियों को कही है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार में ऐसा कृत्य बर्दाश्त नहीं
इस बारे मे मंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की न्यायप्रिय और सुशासन की सरकार में ऐसा कृत्य स्वीकार्य नहीं है। उनकी सरकार गरीब, दलित और असहाय को न्याय देने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। जमुई के डीएम और एसपी को लिखे पत्र में भी मंत्री ने लगभग इन्हीं शब्दों का इस्तेमाल किया है। बिहार भाजपा ने उनके दोनों पत्रों को ट्वीट करते हुए लिखा है कि अधिकारियों को दोनों मामलों में दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का निर्देश दिया गया है।