उचकागांव।व्हीएसआरएस संवाददाता: स्थानीय थाना क्षेत्र के अरना–थावे सड़क पर पिपराही गांव के समीप एक प्राइवेट स्कूल में घुस कर बाइक सवार दो बदमाशों ने झिरवां पंचायत के मुखिया पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी|
हालांकि इस घटना में मुखिया बाल-बाल बच गए| उनको कुछ गोली के छरे पैर में जा लगे जिससे वह मामूली रूप से जख्मी हो गए| घटना की सूचना पाते ही उचकागांव थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह व हथुआ एसडीपीओ नरेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुट गए|
बताया जाता है कि झिरवां पंचायत के मुखिया मो. नजीर आलम अपने ए आर इंटरनेशनल नामक प्राइवेट स्कूल पर बैठ कर निर्माण काम करा रहे थे| इस दौरान तीन बाइक पर सवार छह बदमाश स्कूल के गेट पर पहुंचे| जिसमें से दो बाइक पर सवार चार बदमाश स्कूल कैंपस के अंदर घुस गए| इसके दो बदमाश हाथ में कागज लिए हुए सीधे मुखिया के पास पहुंच गए| दोनों बदमाश मुखिया नजीर अहमद के के पास पहुंचते ही कमर से पिस्टल निकाले और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी|
फायरिंग देख मुखिया जान बचाने के लिए स्कूल के एक कमरे में घुस गए और अपनी जान बचायी| इस दौरान मुखिया के पैर में बदमाशों की फायरिंग के दौरान छर्रा लग गया| बाद में बदमाश फायरिंग करते हुए स्कूल कैंपस से बाहर निकल कर थावे की ओर भाग गए | बाइक सवार बदमाश 20 से 22 साल की उम्र के बताए जा रहे हैं|
इधर घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह पुलिस पदाधिकारी एजाज अहमद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दिया| इस दौरान पुलिस ने मौके से 8 खाली खोखा बरामद किया है| घटना के दौरान दीवार और छत की जमीन पर भी कई गोलियां चलने के निशान पाए गए है| हथुआ एसडीपीओ नरेश कुमार ने बताया कि मुखिया मो. नजीर आलम पर हुए फायरिंग की जांच पुलिस गहराई कर रही है| मुखिया का बयान दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है|