गोपालगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र के श्रीपुर ओपी के बंशी बतरहा गांव के समीप शुक्रवार की देर शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन करने में जुट गई। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र के एकडंगा पंडित गांव के श्री राम ठाकुर का पुत्र अशोक कुमार अपने भतीजे के सतईसा कार्यक्रम को लेकर कार्ड बांटने के लिए अपने रिश्तेदारी में गया हुआ था। शुक्रवार की देर शाम बाइक पर युवक अपने गांव वापस लौट रहा था। इस बीच वे जैसे ही फुलवरिया थाना क्षेत्र के बंशी बतरहा गांव के समीप पहुंचा की अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रुप से जख्मी हो गया। आसपास के लोगों की मदद से इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से हथुआ अनुमंडल अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया।
वहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने उसे गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाज के दौरान बाइक सवार युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान करने के बाद घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी। शनिवार की सुबह गोपालगंज सदर अस्पताल में परिजन पहुंचे। जहां शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने परिजनों के हवाले कर दिया।