उचकागांव।व्हीएसआरएस संवाददाता: उचकागांव प्रखंड क्षेत्र के सात माध्यमिक व उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के हेड मास्टरों के द्वारा समग्र शिक्षा अंतर्गत विद्यालय शिक्षा समिति, विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति के खोले गए खातों का ऑथोराइजेशन सर्टिफिकेट प्राप्त कर खाता संख्या की विवरणी उपलब्ध नहीं कराई गई तो ऐसे सातों विद्यालयों के हेड मास्टरों के विरुद्ध शिक्षा विभाग के द्वारा कार्रवाई हो सकती है।
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक श्रीकांत शास्त्री के द्वारा राज्य के सभी विद्यालयों के हेड मास्टरों को ऑथोराइजेशन सर्टिफिकेट प्राप्त कर खाता संख्या के विवरणी 31 मार्च तक उपलब्ध कराने के लिए सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को पत्र लिखा गया था। इसके बावजूद भी विवरणी उपलब्ध नहीं कराने वाले विद्यालयों को 5 मई तक विवरणी उपलब्ध कराने के लिए अंतिम समय दिया गया था।
इस संबंध में उचकागांव बीआरसी के लेखापाल मुनमुन कुमार ने बताया कि कई बार निर्देश देने के बावजूद भी प्रखंड के हाई स्कूल रघुआ जमसड़, बालिका हाई स्कूल रघुआ जमसड़, हाई स्कूल सांखे रामदास, माया छोटा हाई स्कूल, साहू जैन गर्ल्स हाई स्कूल मीरगंज, साहू जैन हाई स्कूल मीरगंज, साहू जैन महिला इंटरमीडिएट कॉलेज मीरगंज से अभी तक खाता की विवरणी अप्राप्त है।