उचकागांव |व्हीएसआरएस संवाददाता: उचकागांव प्रखंड के ऐसे लोगों की अब मुश्किले बढ़ने वाली है, जो बैंकों से कर्ज लेकर वापस करने में आनाकानी कर रहे हैं। ऐसे 100 से अधिक लोगों के विरुद्ध उचकागांव अंचल कार्यालय से नीलाम पत्र वाद का नोटिस भेजा गया है।
इस संबंध में सीओ रवीश कुमार ने बताया कि प्रखंड के भारतीय स्टेट बैंक दहीभाता, मीरगंज, सेंट्रल बैंक उचकागांव, ग्रामीण बैंक शामपुर, जमसड़, अरना सहित अन्य बैंकों से काफी संख्या में लोगों ने अपना व्यवसाय एवं अन्य काम के लिए कर्ज लिया था। लेकिन उन लोगों द्वारा समय पर कर्ज बैंकों को वापस नहीं किया गया।
जिससे कर्ज के साथ- साथ उसका ब्याज भी बढ़ता गया है। ऐसे 100 से अधिक बकाएदार है जो बैंक का कर्ज वापस नहीं कर रहे है| इन लोगों के विरुद्ध न्यायालय के माध्यम से नीलाम पत्र वाद का नोटिस जारी किया गया है। ऐसे लोग नोटिस मिलने के बाद भी यदि कर्ज वापस नहीं करते है तो न्यायालय द्वारा उनकी संपत्ति की नीलामी कर बैंक के कर्ज की भरपाई किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नीलाम पत्र वाद की नोटिस का जवाब नहीं देने वाले लोगों के विरुद्ध न्यायालय के माध्यम से जल्द ही गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया जाएगा। अभी तक तीन लोगों ने कर्ज को वापस किया है। ऐसे में तीन लोगों के विरुद्ध नीलाम पत्र वाद की कार्यवाही को रोक दिया गया है।