गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: शहर के घोष मोड़ पर नगर थाना की पुलिस ने शनिवार की सुबह वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के क्रम में 40 लोगों से करीब 20 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया। नगर इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि लॉक डाउन को सख्ती से पालन कराने के लिए पुलिस बल की टीम सड़क पर उतरी हुई थी। इस बीच काफी संख्या में शहर में लोग घूमते हुए नजर आए।
इसके बाद वाहनों की जांच शुरू की गई। जांच के क्रम में लोगों से शहर में आने की वजह जानने की कोशिश की गई तो पता चला कि कई लोग ऐसे हैं जो बेवजह शहर में घूम रहे हैं। इसके बाद नगर थाना की पुलिस ने हेलमेट जांच अभियान चलाया जांच के क्रम में 40 लोग बिना हेलमेट के पकड़े गए जिनसे 20 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया। नगर इंस्पेक्टर ने बताया कि लॉकडाउन को सख्ती से पालन कराने के लिए आगे भी पुलिस की टीम सख्ती से पेश आएगी। बताया जा रहा है कि नगर थाने के सब इंस्पेक्टर राजेश, एएसआई राजेश राय और संजय कुमार सिंह समेत अन्य पुलिस बल की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। वहीं पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में लोगों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल भी उत्पन्न हो गया। बताया जा रहा है कि बढ़ते कोरोना के संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन लगाया गया है।
लॉकडाउन के दौरान शहर में लोग बेवजह घूमते हुए नजर आ रहे थे तो पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की है। वहीं चार पहिया वाहन से घूमने वाले लोगों से भी जुर्माना वसूला गया। साथ ही ई-पास की चेकिंग की गई। जिनके पास ई-पास नहीं मिला उन्हें फटकार लगाते हुए जुर्माना वसूला गया।