गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर थाना क्षेत्र के अरार गांव में बुधवार को जमीन विवाद को लेकर हुई दो पक्षों के बीच मारपीट में दोनों पक्षों से करीब सात लोग जख्मी हो गए। जख्मी लोगों में एक पक्ष की ओर से शंकर राम व गीता देवी समेत दो अन्य लोग शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से इंदू देवी, मंजूरी देवी व सनमति देवी समेत अन्य लोग शामिल हैं।
इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। एक पक्ष से जख्मी शंकर राम ने बताया कि उनकी जमीन पर जबरन कब्जा किया जा रहा था। विरोध करने पर लाठी-डंडे से हमला कर घटना को अंजाम दिया गया। जबकि दूसरे पक्ष से घायल महिलाओं का आरोप था पहले पक्ष के लोगों ने उनकी झोपड़ी में आग लगा दी। इसका विरोध करने पर लाठी-डंडा व धारदार हथियार से हमला कर उन्हें पीटा गया।
दोनों पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे पर प्राथमिकी दर्ज करने के लिए नगर थाने की पुलिस को घटना की जानकारी दे दी है। नगर थाने की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।