गया। व्हीएसआरएस संवाददाता: गया जिले के टिकारी थानाक्षेत्र अंतर्गत चकमठ गांव के सामने मोरहर नदी पर सूनसान बगीचे में अज्ञात अपराधियों ने गुरुवार को 12 वर्षीय मासूम बच्चे की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली नजदीक से बाईं कनपटी में सटाकर मारी गई है। घटनास्थल पर दो जगह खून के धब्बे पड़े थे। शव की पहचान शेखर कुमार के रूप में हुई है, जो टिकारी थाना के किला अंदर अपने नाना के घर आया हुआ था। खेलने के लिए कह कर निकाला था। मृतक टिकारी थाना के मीरा बिगहा निवासी रणजीत चौधरी का 12 वर्षीय पुत्र शेखर कुमार था। घटना की सूचना पर थाना थानाध्यक्ष रामलखन पंडित, पुअनि प्रमोद कुमार दलबल के साथ स्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम ²ष्टया नियोजित तरीके से हत्या का मामला प्रतीत होता है। उसके पैकेट से सौ का एक नोट और दस दस का चार नोट यानी कुल 140 रुपया बरामद हुआ है। शव की पहचान गुरुवार की देर शाम मृतक की मां गुड़िया देवी ने की है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एनएमसीएच गया भेजकर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार टिकारी थानाक्षेत्र के चकमठ गांव के सामने मोरहर नदी के पूर्वी तट पर स्थित सुनसान बगीचे में डाक बाबा के समीप घास काटने आई ग्रामीण महिलाओं ने बच्चे का शव देखा और लोगों को इसकी जानकारी दी। कानोकान यह खबर आग की तरह फैल गई। जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ बागीचे में घटना स्थल पहुंची और इसकी सूचना पुलिस को दी।
आपको बताते चले कि अपराधियों ने मासूम की हत्या बाईं कनपटी में गोली मार की है। शव को देखने से स्पष्ट प्रतीत होता है कि बच्चे की हत्या पूरी तरह सुनियोजित तरीके से की गई है। सुनसान जगह का फायदा उठाकर हत्यारों ने घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए। ऐसी चर्चा है कि गोली की एक आवाज गूंजी थी। लेकिन दीपावली के कारण उसपर लोगों का विशेष ध्यान नहीं दिया। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि दोपहर में लाल रंग के एक बाइक से गहरपुर पुल पार कर नदी के सरपनाह वाले रास्ते से बगीचे की ओर तीन लोग गए थे। उसी के कुछ देर बाद गोली चलाने की आवाज सुनाई दी थी।