औरंगाबाद| व्हीएसआरएस न्यूज: मदनपुर थाना क्षेत्र के ताराडीह मोड के समीप जीटी रोड पर सोमवार की देर शाम सड़क दुर्घटना में बनिया गांव के विनय कुमार सिन्हा के 36 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिसका इलाज सदर अस्पताल औरंगाबाद में किया जा रहा था। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी अनुसार युवक सोमवार की शाम गांव के ही ब्रजेंद्र सिंह के पुत्र अभिषेक प्रकाश के साथ मदनपुर बाजार आया था। कुछ काम करने के बाद दोनों दोस्त पैदल ही लौट रहे थे| इसी बीच ताराडीह मोड के पास अनियंत्रित गति से आ रही पिकअप वैन ने दोनों को कुचल दिया। जिसमें दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मदनपुर लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया था। जहां गंभीर रूप से घायल पंकज सिन्हा की मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करा परिजनो को सौंप दिया है। इधर मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। मृतक की पत्नी प्रिया सिन्हा का रोते-रोते बुरा हाल है। बार-बार पति को खोज रही थी और बेहोश हो जा रही थीं। अचानक इस घटना से प्रियंका सिन्हा के सामने नाबालिग पुत्री बसुधंरा एवं पुत्र अभिनव के पालन-पोषण करने की जिम्मेवारी कठिन हो गई है।
वही घटना के बाद गांव में मातम का माहौल बना है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर पिकअप वैन यूपी 70 एफटी 5145 को जब्त कर थाने ले आया है, जबकि चालक घटना के बाद वाहन छोड़कर भागने में सफल रहा। जिला परिवहन कार्यालय से गाड़ी मालिक और चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस आरोपित पर हत्या का मुकदमा दर्ज करेगी।