पटना। व्हीएसआरएस संवाददाता: बिहार के छपरा-सोनपुर रेलखंड पर ग्वालियर एक्सप्रेस ट्रेन में बुधवार की देर रात्रि करीब एक दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने डाका डाला। वारदात के दौरान अपराधियों ने उत्तर प्रदेश के इटावा के रहने वाले एक युवक को गोली मारकर जख्मी कर दिया। उसे इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एक दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने डाली डकैती
मिली जानकारी के अनुसार करीब एक दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने सोनपुर जंक्शन एवं दिघवारा रेलवे स्टेशन के बीच चलती ट्रेन में डकैती डालनी शुरू कर दी। इस दौरान विरोध करने पर उन्होंने एक युवक को गोली मार दी। अपराधियों ने दर्जनों यात्रियों से कैश, कीमती सामान व माबाइल की लूटपाट की। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी चेन पुलिंग कर आराम से फरार हो गए। इस दौरान ट्रेन के साथ चल रहा पुलिस का सुरक्षा दस्ता कहीं नजर नहीं आया।
इटावा का रहने वाला है घायल रेल यात्री
मिलीं जानकारी अनुसार अपराधियों की गोली का शिकार जख्मी युवक उत्तर प्रदेश के इटावा नगर के यशवंत नगर थाना क्षेत्र निवासी साब सिंह यादव का 22 वर्षीय पुत्र शिवम यादव बताया गया है। वह ग्वालियर एक्सप्रेस के कोच संख्या G5 में सफर कर रहा था। ट्रेन के छपरा जंक्शन पर रुकने के बाद उसे छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एफआइआर दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
वहीं छपरा जंक्शन के जीआरपी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि करीब एक दर्जन हथियारबंद अपराधी सोनपुर से ट्रेन में सवार हुए थे। उन्होंने दिघवारा स्टेशन से पहले यात्रियों से लूटपाट की और रेल यात्री शिवम को गोली मारी।
आपको बताते चलें कि घटना की एफआइआर दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। हालांकि, पुलिस अभी तक अपराधियों का पता नहीं लगा सकी है।अपराधियों ने कितने की डकैती डाली, पुलिस अभी तक बताने से कतरा रही है।