औरंगाबाद। व्हीएसआरएस न्यूज: शहर के पुरानी जीटी रोड स्थित रिलायंस ट्रेंड्स मॉल में सोमवार की देर रात लाखों रुपये के आभूषण की चोरी हो गई। आज मंगलवार सुबह जब मॉल के स्टाफ पहुंचे तब इस घटना का पता चला। इसके बाद सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। सीसीटीवी का फुटेज खंगाला जा रहा है। चोरों ने मॉल के पीछे का शटर तोड़कर घटना को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार आज मंगलवार सुबह मॉल के कर्मी पहुंचे। ताला खोलकर अंदर गए तो वहां का नजारा देख कर चकित रह गए। उसके बाद घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी विजय कुमार, नगर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार पहुंचे। बारीकी से घटना का जायजा लिया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने चोरों की पहचान के लिए सबसे पहले मॉल में लगे सीसी कैमरा के फुटेज को खंगालना शुरू किया।
वहीं घटनास्थल से पुलिस ने एक रॉड बरामद किया है। समझा जाता है कि इसी रॉड का इस्तेमाल शटर तोड़ने में किया गया। चोरों ने मॉल के अन्य सामान जैसे कपड़ा आदि सामान को छुआ तक नहीं है। बहरहाल पुलिस कई बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है। कितने की चोरी हुई है इसका आकलन किया जा रहा है। हालांकि मॉल के प्रोपराइटर का कहना है कि करोड़ से ऊपर की चोरी हुई है।
आपको बताते चलें कि शहर में इतनी बड़ी चोरी की घटना की सूचना पर सांसद सुशील कुमार सिंह मॉल पहुंच गए। मॉल के प्रोपराइटर से घटना की जनाकारी ली। सांसद ने इस घटना को नगर थाना पुलिस के लिए चुनौती बताया। कहा की शहर में चोरी की वारदात बढ़ गई है। बता दें कि यह मॉल शहर के रिहायशी इलाके में ब्लॉक मोड़ के पास पुरानी जीटी रोड के किनारे स्थित है। इस घटना से नगर थाना पुलिस की रात्रि गश्ती की पोल खुल गई है। वहीं मॉल की सुरक्षा पर सवाल उठ रहा है। इतना बड़ा मॉल में रात में कोई निजी सुरक्षा गार्ड नहीं तैनात था