मीरगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: मीरगंज के रजिस्ट्री कचहरी रोड में स्थित व्यापार मंडल का समूचा परिसर जलजमाव से घिर गया है जिससे यह टापू बन गया है। जलजमाव के कारण व्यापार मंडल का कार्य बाधित हो गया है। साथ ही क्षेत्र के हजारों किसानों की परेशानी बढ़ गई है। करीब 70 हजार से अधिक किसानों को उर्वरक, कीटनाशक सहित अन्य कई कृषि उत्पादों की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। लेकिन अब यह सब बंद पड़ा हुआ है। व्यापार मंडल के चारों तरफ पानी लग जाने के कारण कार्यालय बंद हो गए हैं। जलजमाव के कारण व्यापार मंडल में करीब डेढ़ फीट पानी लगा हुआ है। अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। जलजमाव के कारण करीब 110 बोरा यूरिया और एक सौ बोरी डाई बर्बाद हो चुका है।
हरखौली के किसान रामजतन यादव ने बताया कि जलजमाव के कारण व्यापार मंडल में जाना नामुमकिन हो गया है। मजबूरन उर्वरक बाजार में ब्लैक से खरीदना पड़ रहा है। मीरगंज शहर के वीवीआइपी मोहल्ले में बना व्यापार मंडल फिलहाल किसानों के लिए सफेद हाथी साबित हो रहा है।
इस व्यापार मंडल से हथुआ प्रखंड, थावे, उचकागांव प्रखंड के अलावा सिवान जिले के बड़हरिया प्रखंड तक के किसान यहां से उर्वरक ले जाते हैं क्योंकि यह इफको से सीधे जुड़ा हुआ है। इससे रियायती दर के कारण किसान यहां से उर्वरक ले जाना मुनासिब समझते हैं।
आपको बताते चलें कि यह पहली बार हुआ है कि शहर की नाली की समस्या के कारण व्यापार मंडल में पानी घुसा है और लाखों की क्षति हुई है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने कहा कि यह पहली हुआ है कि पानी से इतनी बर्बादी हुई हो। जलजमाव से निजात के लिए उपाय किए जा रहे है।