गया| व्हीएसआरएस न्यूज: वजीरगंज थाना क्षेत्र के भिंडस-चमंडी रोड में एकंबा रेलवे क्रॉसिंग के निकट ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। उसकी पहचान चंडौती थाना क्षेत्र के केवाली गंव निवासी भूसा व्यवसाई रामाश्रय यादव (30 वर्ष) के रूप में की गई। घटना के विरोध में लोगों ने शव रखकर भिंडस-चमंडी रोड को जाम कर दिया। तीन घंटे बाद लोगों ने जाम हटाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
मिली जानकारी अनुसार रामाश्रय यादव एकंबा में अपने फूफा के घर रहता था। वहीं से भूसा का व्यवसाय करता था। शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे वह भूसे से लदी पिकअप को रवाना कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहा ट्रक उसे रौंदता चला गया। घटनास्थल पर ही रामाश्रय की मौत हो गई। इसकी खबर मिलते ही कोहराम मच गया। काफी संख्या में लोग पहुंच गए। शव रखकर सड़क जाम कर दिया। इससे आवागमन बाधित हो गया। सूचना पाकर वजीरगंज थाने की पुलिस दलबल के साथ पहुंची। ग्रामीणों को हटाने का प्रयास किया लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। स्वजन व ग्रामीण मृतक के आश्रित को चार लाख मुआवजा एवं घटना में शामिल ट्रक के चालक पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
आपको बताते चले कि करीब तीन घंटे बाद थानाध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ने वजीरगंज के बीडीओ से मोबाइल पर बात की। बीडीओ ने बताया कि रामाश्रय यादव चंडौती प्रखंड का स्थाई निवासी था इसलिए यहां से सभी कागजी खानापूर्ति पूरी कर उसे चंडौती ब्लॉक को हस्तांतरित कर दिया जाएगा। सरकारी नियमानुसार चंदौती प्रखंड कार्यालय से उचित मुआवजा दिए जाने की अनुशंसा की जाएगी। ग्रामीणों को उचित कार्रवाई एवं मुआवजा दिलाने के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। थानाध्यक्ष ने बताया कि स्वजन के बयान पर अज्ञात ट्रक चालक पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।