• बिहार चुनाव में पहले चरण का मतदान जारी
• 16 जिलों की कुल 71 सीटों पर हुआ मतदान
• पोलिंग बूथ पर वोटरों की लंबी कतार।
• पीएम मोदी, नीतीश ने लोगों से की मतदान करने की अपील
पटना। व्हीएसआरएस संवाददाता: बिहार विधानसभा चुनाव के महासंग्राम की पहली परीक्षा जारी है। पहले चरण में कुल 71 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। सुबह से ही पोलिंग बूथों पर लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं, कुछ जगह शुरुआत में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों में दिक्कत की खबर आई। लेकिन बाद में फिर वोटिंग ने रफ्तार पकड़ी। शाम 5 बजे तक 52.24 फीसदी मतदान हो गया है। आज 2.14 करोड़ से अधिक मतदाता 1066 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। इसके लिए 31 हजार 380 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कोरोना संक्रमित निर्धारित समय के अंतिम घंटे में मतदान कर सकेंगे। इसके पहले 78 हजार 691 सर्विस वोटर मतदान कर चुके थे।
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मतदान के लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं थी। 16 से अधिक प्रत्याशी वाले सीटों पर दो-दो बैलेट यूनिट की व्यवस्था की गई है। पहले चरण में 41 हजार 689 बैलेट यूनिट का उपयोग किया जा रहा है। सभी बूथों पर वीवीपैट की व्यवस्था की गई है। कोरोना संक्रमित या मानक से अधिक तापमान वाले मतदाता निर्धारित समय के अंतिम घंटे में मतदान करेंगे।
पहले चरण के सभी बूथों पर अर्ध सैनिक बल के जवान तैनात किए गए हैं। अतिसंवेदनशील बूथों पर वेब कास्टिंग और माइक्रो ऑब्जर्वर की व्यवस्था की गई है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अर्ध सैनिक बल के जवान हेलीकॉप्टर से भी निगरानी कर रहे हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लैंड माइंस आदि निगाह रखने के लिए नियमित पेट्रोलिंग की जा रही है। एंटीलैंड माइंस व्हीकल लगाए गए हैं।
सभी बूथों पर कोरोना संक्रमण की संभावना को खत्म करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के दिशानिर्देश को सख्ती से पालन किया जा रहा है। मतदाताओं को कतार में खड़े रहने के लिए केंद्र में गोला बनाया गया है। इसके साथ ही लंबी कतार होने पर उनके बैठने की भी व्यवस्था की गई है। हाथ साफ करने के लिए हैंडवॉश और पानी की व्यवस्था की गई है। पर्याप्त मात्रा में सैनिटाइजर भी रखे गए हैं। वहीं, मतदान कर्मियों कोरोना बचाव किट दिया गया है। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि पहले चरण में 100 एमएल की हैंड सैनिटाइजर की 12 लाख 78 हजार 221 तथा 500 एलएल की छह लाख 39 हजार 156 बोतल, एक लाख छह हजार 526 इंफ्रारेड थर्मामीटर, 25 लाख 57 हजार 882 जोड़ा दस्ताने, छह करोड़ 60 लाख 90 हजार 800 एक हाथ का दस्ताना, 56 लाख 25 हजार 831 मास्क व 12 लाख 78 हजार 221 फेस शील्ड का उपयोग के लिए भेजे गए हैं।
आपको बताते चलें पहले चरण के लिए कहलगांव, सुल्तानगंज, अमरपुर, धोरैया, बांका, कटोरिया, बेलहर, तारापुर, मुंगेर, जमालपुर, सूर्यगढ़ा, लखीसराय, शेखपुरा, बरबीघा, मोकामा, बाढ़, मसौढ़ी, पालीगंज, बिक्रम, संदेश, बड़हरा, आरा, अगिआंव, तरारी, जगदीशपुर, शाहपुर, ब्रह्मपुर, बक्सर, डुमरांव, राजपुर, रामगढ़, मोहनियां, भभुआ, चैनपुर, चेनारी, सासाराम, करगहर, दिनारा, नोखा, डेहरी, काराकट, अरवल, कुर्था, जहानाबाद, घोसी, मखदुमपुर, गोह, ओबरा, नबीनगर, कुटुम्बा, औरंगाबाद, रफीगंज, गुरुआ, शेरघाटी, इमामगंज, बाराचट्टी, बोधगया, गया टाउन, टेकारी, बेलागंज, अतरी, वजीरगंज, रजौली, हिसुआ, नवादा, गोविंदपुर, वरसलीगंज, सिकंदरा, जमुई, झाझा एवं चकाई में पड़ रहे वोट।