पटना। व्हीएसआरएस न्यूज: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए में सीटों का बंटवारा हो गया। भारतीय जनता पार्टी एवं जनता दल यूनाइटेड का संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में बताया गया कि जेडीयू 122 तो बीजेपी 121 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। जेडीयू अपने कोटे में से सात सीटें हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा को देगा तो बीजेपी अपनी नौ सीटें विकासशील इंसान पार्टी को देगी। महागठबंधन छोड़ने के बाद वीआइपी को एनडीए में शामिल कर लिया गया है। आज बीजेपी अपने पहले चरण के प्रत्याशियों के नाम की घोषणा भी कर देगी। इसके पहले हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा ने पहले चरण के अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। जेडीयू के प्रत्याशियों के नाम भी सामने आ चुके हैं। सूत्र बताते हैं कि बीजेपी के हाथ से कई सीटें निकल गईं हैं, जबकि कई कद्दावर नेताओं के टिकट कट गए हैं तो कुछ के टिकट तय लग रहे हैं। इस मौके पर भाजपा ने एक बार फिर यह भी साफ कर दिया कि जेडीयू की उससे कम सीटें आने पर भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही बनेंगे। वहीं लोजपा के एनडीए से अलग चुनाव लड़ने को लेकर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि राम विलास पासवान स्वस्थ होते तो ऐसी स्थिति नहीं आती। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ेगी तो हम चुनाव आयोग को लिखकर देंगे कि एनडीए से जुड़े सिर्फ चार दल ही चुनाव प्रचार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र का इस्तेमाल कर सकते हैं, अन्य किसी को प्रधानमंत्री का चित्र इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं होगा। इस मौके पर नीतीश कुमार ने भी लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान का नाम लिए बगैर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज राम विलास पासवान राज्यसभा के सदस्य बने हैं, वो किसकी बदौलत बने हैं। क्या वो अपनी बदौलत बन गए हैं। उनकी पार्टी के तो दो ही विधायक हैं। क्या 2 विधायक वाली पार्टी राज्यसभा का सांसद बना सकती है ?
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस से कुछ देर पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा बिहार में एनडीए के नेता नीतीश कुमार हैं और गठबंधन उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ रहा है। उन्होंने कहा, नीतीश कुमार के नेतृत्व को भाजपा पूरी तरह से स्वीकार करती हैं। एनडीए गठबंधन में वही रहेंगे, जिन्हें उनका नेतृत्व स्वीकार है। उनको मुख्यमंत्री बनाने के लिए भाजपा पूरी कोशिश करेगी और तीन-चौथाई बहुमत से नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम बनाएंगे सरकार। इससे पहले सोमवार को भाजपा नेतृत्व ने लोजपा के राजग गठबंधन से बाहर होने के बाद बिहार के प्रमुख पार्टी नेताओं के साथ उम्मीदवार से लेकर चुनाव प्रबंधन तक के मुद्दों पर व्यापक चर्चा की। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा पूरी तरह से लोजपा से दूरी बनाए रखेगी और खुलकर राजग को जिताने की अपील करेगी। जदयू के साथ संबंधों में कोई खटास न आए, इसके लिए राजग को कमजोर करने वाले दलों पर भी निशाना साधा जाएगा। हालांकि, भाजपा को आशंका है कि इस स्थिति में गठबंधन को लेकर भितरघात बढ़ सकता है।
आपको बताते चलें कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को प्रदेश के कोर ग्रुप के नेताओं के साथ लंबी चर्चा की। इस दौरान गृहमंत्री अमित शाह, संगठन प्रभारी भूपेंद्र यादव और चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे। लोजपा के अधिकांश उम्मीदवार उन सीटों पर होंगे, जो जदयू के पास हैं, लेकिन भाजपा के हिस्से वाली कई सीटों पर भी लोजपा उम्मीदवार खड़ा करेगी। लोजपा द्वारा इसे दोस्ताना संघर्ष का रूप देने की संभावनाओं के मद्देनजर भाजपा ने इसको लेकर कई निर्णय लिए हैं। मसलन लोजपा द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत अपने किसी भी नेता के फोटो के इस्तेमाल पर भाजपा रोक लगाएगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा और भी कई तरह की पाबंदियां लोजपा पर लगाएगी ताकि वह भाजपा के साथ का फायदा न उठा सके।