मीरगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: 2020 के चुनाव को एक चुनौती के रूप में लेना है। एक ओर वो (महागठबंधन) हैं जो दुर्गंध फैला कर जनता को बहकाना चाहते हैं और दूसरी ओर अपने विकास कार्यों के बल पर हम सभी चुनाव लड़ रहे हैं। वो लोग नौकरी देंगे? अपहरण उद्योग चालू करेंगे जो 2005 से पहले चलता था। उक्त बातें पूर्व मुख्यमंत्री हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने हथुआ के बरवा कपरपुरा खेल मैदान में समाज कल्याण मंत्री व एनडीए के जेडीयू प्रत्याशी रामसेवक सिंह के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। मांझी ने लालू यादव और राबड़ी देवी के 15 साल के शासन की याद दिलाते हुए कहा कि आपको पता है पहले इंजीनियर, डॉक्टरों का अपहरण होता था, लोग मुख्यमंत्री के पास जाते तो अपहरण करने वाले को बुलाया जाता और बोल देते कि लड़का लोग भूखा है कुछ खाने के लिए दे दो। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने दलित समुदाय के जीतन राम मांझी को बिहार का मुख्यमंत्री बनाया।
उन्होंने माउंटेन मैन दशरथ मांझी को सम्मान दिया। आज सूबे में 20-20 घंटे बिजली उपलब्ध है। राजधानी पटना से किसी भी जिले में जाना और आना अब सरल व सुगम है। सात निश्चय जैसी महत्वकांक्षी योजना नीतीश कुमार की देन है। उन्होंने बिहार के विकास को गति देने के लिए नीतीश कुमार के हाथ को मजबूत करने का आह्वान जनता से किया। उन्होंने जेडीयू प्रत्याशी की जीत के लिए जनता से आशीर्वाद मांगा। सभा को शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा, सांसद डॉ आलोक कुमार सुमन,बरौली के विधायक मोहम्मद नेमतुल्लाह, एमएलसी आदित्य नारायण पांडेय, भृगुआश्रम सिंह कुशवाहा ने भी संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता बीजेपी के जिला अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने किया। जबकि मंच संचालन जेडीयू के जिलाध्यक्ष प्रमोद पटेल ने किया।
मौके पर प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि सत्येंद्र शर्मा, अभिषेक मिश्रा, ज्योति भूषण, भोला सोनी, मुखिया मुकेश साह, बीडीसी पप्पू सिंह, रवि कांत, मुखिया उपेंद्र शर्मा, अभिषेक सोनी, सतीश कुमार सिंह, भाजपा नेता दुर्गा राय आदि थे।