उचकागांव। व्हीएसआरएस संवाददाता: बैरिया दुर्ग पंचायत के शामपुर-फुलवरिया मुख्य पथ पर पुल के समीप मछली पकड़ने के दौरान सात फीट लंबा अजगर बरामद किया। अजगर जाल में फंसा हुआ था जिसे ग्रामीणों ने निकाला। बाद में ग्रामीणों ने उचकागांव पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि शामपुर बाजार से पकड़ी श्रीकांत गांव जाने वाले मुख्य पथ पर पुल के पास ग्रामीणों द्वारा मछली पकड़ने के लिए जाल लगाया गया था। जिसमें सोमवार की सुबह एक सात फीट लंबा अजगर बहते हुए जाल में फंस गया। जिसे ग्रामीणों द्वारा निकालने के बाद पकड़ी श्रीकांत मोड़ पर रखा गया है। 7 फीट लंबा अजगर मिलने के बाद ग्रामीणों द्वारा ऐसा कयास लगाया जा रहा है कि आसपास में अन्य अजगर भी पाए जा सकते हैं। जिसको लेकर ग्रामीणों में भय भी बना हुआ है।
वैसे अजगर को वन विभाग को सुपुर्द करने के लिए ग्रामीणों द्वारा उचकागांव थानाध्यक्ष को फोन कर मामले की जानकारी दी गई है। पकड़ी श्रीकांत गांव में अजगर निकालने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।