समस्तीपुर। व्हीएसआरएस न्यूज: बिहार में अपराधी किस कदर बेखौफ हो गए हैं, इस बात का अंदाजा समस्तीपुर में दिवाली की रात घटी घटना से लगाया जा सकता है। मिली जानकारी के अनुसार दिवाली की रात अपराधियों ने समस्तीपुर के एक परिवार के सात सदस्यों पर घर में घुसकर गोलीबारी की। जिसमे दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, पांच लोग घायल हो गए। इलाज के लिए घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिवाली की रात होने से पटाखों के शोर में गोलियों की आवाज आस-पास के लोगों को कम सुनाई दी। इसकी आड़ में अपराधियों ने इस खूनी खेल को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना जिले के नवादा पंचायत में हुई है। जहां चाय की दुकान चलाने वाले सुमित कुमार राय के घर में घुसकर हथियारबंद हमलावरों ने परिवार के सदस्यों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इस घटना में मरने वालों में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला और एक आठ साल का बालक शामिल है। गोली लगने से घायल लोगों में तीन महिलाओं समेत पांच लोग शामिल हैं। पांचों ही लोग बुरी तरह जख्मी हैं और अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग से जूझ रहे हैं। बताया गया है कि इस घटना को 10 हमलावरों ने अंजाम दिया है।
आपको बताते चले कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी दिनेश कुमार पांडेय और थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्र छानबीन के लिए टीम लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि फिलहाल घटना की जांच चल रही है।