भागलपुर। व्हीएसआरएस न्यूज़: बांका शंभूगंज के बसबिट्टा गांव में डेढ़ बीघा जमीन के जोत और पटवन को लेकर हुई हिंसक झड़प में आठ लोग जख्मी हो गए। घायलों को जवाहर लाल नेहरू अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में भर्ती कराया गया है। घायलों में 65 वर्षीय भुवनेश्वर यादव की हालत चिकित्सकों ने नाजुक बताई है। उसके सिर में गंभीर जख्म हैं। हाथ और कमर की हड्डी चटक गई है। घायलों में भुवनेश्वर यादव के अलावा रामरूप यादव, परशुराम यादव, विजय यादव, ब्रजेश यादव, सिंटू यादव, नीतीश कुमार आदि शामिल हैं। जोत को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसके पहले भी एक दो बार जोत को लेकर आपस में झ्ड़प हुई है।
जख्मी सिंटू कुमार ने अस्पताल की कैंप पुलिस को जानकारी दी कि लाठी और खंती से लैस दूसरे पक्ष के लोगों ने जानलेवा हमला किया। उस समय अन्य लोगों के साथ वह धनकटनी के बाद सूख चुकी जमीन में पटवन करा रहा था। ताकि पटवन बाद गेहूं की बुआई कराने की योजना थी। तभी दूसरे पक्ष से देवेंद्र यादव, मुकेश यादव, गंगाधर यादव, इंद्रदेव यादव, राम भज्जो यादव आदि पहुंच कर हमला बोल दिया। जैसे-तैसे गांव के लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल लाया गया है।
दूसरे पक्ष के देवेंद्र यादव का कहना है कि डेढ़ बीघा जमीन को उसका परिवार जोत-आबाद करता रहा है। अचानक वहां पटवन के लिए भुवनेश्वर यादव की तरफ से लोग पहुंचे थे। उसी को लेकर विवाद हुआ। झड़प में देवेंद्र यादव पक्ष के भी तीन लोग जख्मी हुए हैं। शंभूगंज पुलिस घटना की जानकारी पर गांव पहुंच मामले की छानबीन कर रही है। हिंसक झड़प को लेकर दोनों पक्षों की तरफ से फर्द बयान लेने की कवायद में पुलिस जुट गई है। मामले की गहन पड़ताल की जा रही है। ताकि विवाद के सभी कारणों का पता किया जा सके।