भभुआ| व्हीएसआरएस न्यूज: कैमूर जिले के अधौरा थाना क्षेत्र के कान्हानार गांव में शुक्रवार की देर शाम एक मजदूर की चारा मशीन में कटने से मौत हो गई। मृतक कान्हानार गांव निवासी नंदू प्रजापति का पुत्र ददन प्रजापति 25 वर्ष बताया जाता है। मिली जानकारी के अनुसार ददन प्रजापति चारा मशीन से किसी ग्रामीण का पुआल काट रहा था। इस दौरान उसका मोफलर खुल कर लटक गया और चारा मशीन में फंस गया।
उसे निकालने के दौरान मजदूर का हाथ भी उसी में फंस गया। जिससे हाथ सहित उसका कंधा भी मशीन में चला गया। आनन फानन में ट्रैक्टर को बंद किया गया और मशीन का नट-बोल्ट खोला गया। आसपास के गांव से औजार मंगा कर नट-बोल्ट खोलने के बाद मजदूर को बाहर निकाला गया। लेकिन, इस दौरान मशीन में फंसे रहने के कारण उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी अनुसार मृतक विवाहित था तथा मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पूरे मामले की तहकीकात की और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि उसकी मौत चारा मशीन में मोफलर फंसने के चलते ही हुई है। इसके बाद पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
आपको बताते चले कि शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए गांव से भी काफी संख्या में लोग साथ आए। सदर अस्पताल में शव लाए जाने के बाद पोस्टमार्टम के बाद दाह संस्कार शव परिजनों को सौंप दिया गया। अचानक घटी इस घटना से गांव के लोग काफी दुखी नजर आए। मजदूर की मौत से दो बच्चों का पालन-पोषण मां के सहारे रह गया।