मधुबनी| व्हीएसआरएस न्यूज: बिहार के प्रतिभावान बच्चे ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। मधुबनी जिले के खजौली प्रखंड अंतर्गत सुक्की ग्राम निवासी कृषक मनीष कुमार मिश्र व शिक्षिका सुप्रीता कुमारी की सुपुत्री दीक्षा कुमारी बहुप्रसारित कौन बनेगा करोड़पति के हॉट सीट तक पहुंचने में सफल रही हैं। इसका प्रसारण आज और कल शाम को किया जाएगा। एक सरकारी स्कूल से शिक्षा हासिल करने वाली इस लड़की की उपलब्धि से क्षेत्र के लोगों में हर्ष है। इस सप्ताह केबीसी (KBC) में स्टूडेंट स्पेशल वीक चल रहा है। इसके तहत बच्चों को खास तौर पर मौका दिया जा रहा है। बच्चे अमिताभ बच्चन के साथ इस खेल का पूरा आनंद ले रहे हैं। फास्टेस्ट फिंंगर फर्स्ट में सबसे प्रदर्शन करने के बाद दीक्षा ने हॉट सीट हासिल करने में सफलता प्राप्त की हैं। अब सभी को इस बात का इंतजार है कि वह खेल में किस पड़ाव तक पहुंच पाती हैंं। दीक्षा आइएएस बनना चाहती हैं।
मिली जानकारी के अनुसार दीक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, मधुबनी की आठवीं की छात्रा हैं। वह अपने चयन को लेकर काफी उत्साहित हैं। शिक्षा संवर्द्धन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर कार्य करने वाली संस्था के माध्यम से लगातार 20 दिनों तक हुई ऑनलाइन परीक्षा के पश्चात मेधा के आधार पर डेढ़ लाख बच्चों में से आठ बच्चों का चयन किया गया था। इनमें दीक्षा ने भी सफलता हासिल की।
आपको बताते चले कि दीक्षा दो भाई-बहनों में छोटी हैं। उनके बड़े भाई दिग्दर्शन कुमार भी जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र हैं। इसी वर्ष मार्च 2020 में दसवीं उत्तीर्ण किया है। दीक्षा की प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही सरकारी विद्यालय में अपनी माता की देखरेख में हुई। इसके बाद उनका चयन नवोदय स्कूल के लिए हुआ। इधर, केबीसी की हॉट सीट के लिए दीक्षा के चयन की चर्चा गांव व आसपास में जोरशोर से हो रही है। खासकर सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से भेंट का अवसर मिलने को लेकर सभी उत्साहित हैं।