पटना। व्हीएसआरएस न्यूज: कृषि बिल के विरोध में जहां विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमले कर रहा है वहीं देश के कुछ हिस्सों में किसान भी सड़क पर उतर आए हैं। अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति (एआईकेएससीसी) ने संसद से पास किए गए नए कृषि बिल के विरोध में 25 सितंबर को देश भर में बंद का एलान किया है। एआईकेएससीसी का दावा है कि उनकी संस्था के साथ देश भर के छोटे-बड़े 250 किसान संगठन जुड़े हैं. केवल पंजाब, हरियाणा ही नहीं उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और बिहार के किसान भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने वाले हैं। इस दौरान चक्का जाम किया जाएगा। इसे कई विपक्षी दलों का साथ मिल रहा है। बिहार की राजधानी पटना में भी आज सुबह 9 बजे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपने आवास से किसानों और समर्थकों के साथ विरोध प्रदर्शन करते हुए पार्टी कार्यालय जाएंगे।
बिहार में कांग्रेस समर्थित सरकार बनी तो किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य गारंटी कानून लाएंगे। यह बात कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल और छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने कही। आरोप लगाया कि सरकार नये कानूनों की मदद से किसानों के खेत को चहेती कंपनियों के हाथों गिरवी रखना चाहती है। दावा किया कि बिहार में महागठबंधन के सभी साथी एकजुट हैं।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि संसद में किसानों के हित की आवाज दबाई जा रही है और सड़क पर किसान पीटे जा रहे हैं। केन्द्र के तीनों कानून में ‘न्यूनतम समर्थन मूल्य’ यानी एमएसपी की चर्चा तक नहीं है। सरकार कहे कि किसानों को एमएसपी देना अनिवार्य है तथा उससे कम खरीद करने पर सरकार नुकसान की भरपाई करेगी और दोषी को सजा देगी। ऐसा प्रवधान कानून में हो जाए तो हम अपना आंदोलन वापस ले लेंगे।