भागलपुर| व्हीएसआरएस न्यूज: भागलपुर के दियारा इलाके में बुधवार की सुबह एसटीएफ और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस घटना में दोनों ओर से कई राउंड गोलीबारी हुई। दोनों ओर से लगभग 25 राउंड फायरिंग की सूचना है। पुलिस की गोलीबारी में दो कुख्यात अपराधी के मारे गए। चार अपराधियों को पुलिस ने पकड़ा है। यह घटना एकचारी के रानीदियारा इलाके की है। घटनास्थल गंगा पार रानीदियारा विश्वकर्मा स्थान के पास है। यह क्षेत्र कुरसेला और कटिहार की सीमा पर स्थित है। यह कार्रवाई बिहार पुलिस के साथ एसटीएफ ने की है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात में अपराधियों की सक्रियता की सूचना पुलिस को मिली थी। इस बाद पुलिस रानीदियारा इलाके में सक्रिय हो गई। पुलिस की सक्रियता और दबिश के कारण अपराधी बचने के लिए फायरिंग करने लगे। इस घटना में पुलिस की फायरिंग में 50 हजार का एक इनामी कुख्यात अपराधी चंद्रशेखर कापड़ी उर्फ कुल्हिया और मनोहर मंडल मार गए। अपराधी चंद्रशेखर कापड़ी इलाके का कुख्यात था। भागलपुर सहित अन्य जिलों में उसके खिलाफ कई आरोप हैं। पुलिस को हत्या सहित अन्य मामलों में उसकी तलाश थी। कई थानों की पुलिस उसे ढूंढ रही है। चंद्रशेखर कापड़ी दियारा क्षेत्र में काफी सक्रिय था। अपराधी की नजर दियारा क्षेत्र के किसानों और उसके फसलों पर रहती थी।
वहीं, अपराधी मछली उत्पादकों को भी परेशान करते थे। किसानों से रंगदारी भी लगातार मांगा करता था। मारे गए अपराधी चंद्रशेखर कापड़ी और मनोहर मंडल को दियारा का आतंक कहा जाता था। दोनों ने मंगलवार को भी एक किसान से रंगदारी की मांग की थी। इस घटना में पुलिस ने काफी संख्या में हथियार बरामद किया है। चार अन्य अपराधियों को भी पुलिस ने गिफ्तार किया।
चंद्रशेखर कापड़ी के बारे में बताया जा रहा है कि वह सुरेश कापड़ी का पुत्र है। मनोहर मंडल के पिता कोसी मंडल हैं। दोनों अपराधी भागपलुर जिले के रानी दियारा, थाना एकचारी के रहने वाले हैं। दोनों अपराधियों का केंद्र गंगा पार का दियारा इलाका था। एसटीएफ ने जिस चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है, उसके नाम है जयकांत मंडल-रानीदियारा, जोगमनी मंडल-छोटी मोहनपुर, चंद्रिका मंडल-छोटी मोहनपुर और गणेश मंडल-बुद्धूचक थाना के तेतरिया का रहने वाला है। चारों के पास से हथियार भी बरामद किया गया है। कुछ अपराधी के भाग जाने की सूचना है।
वही 12 बोर का एक दोनाली बंदूक, 315 बोर का दो मास्केट, 315 बोर का एक देसी कट्टा, 12 बोर का 46 कारतूस, 315 बोर का 17 कारतूस 17, 315 बोर दो रेगूलर रायफल आदि बरामद किए गए हैं। इसके अलावा भी कई अन्य हथियार और गोली बरामद किया है। सभी हथियार में कारतूस लोड था।
इस कार्रवाई में बीडीओ डॉ चंदन कुमार चक्रवती, सीओ अरुण कुमार गुप्ता, कहलगांव के एसडीओ सुजय कुमार सिंह, एसडीपीओ डॉ रेषू कृष्णा, पीरपैंती थानाध्यक्ष राकेश कुमार, शिवनारायणपुर थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद, एकचारी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, बाखरपुर थानाध्यक्ष विजेंद्र पासवान, पीरपैंती पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन सिंह थे। घटना स्थल पर एफएसएल की टीम ने जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गिरफ्तार अपराधी को से पुलिस सख्ती से पूछताछ कर रही है।
आपको बताते चले कि वर्ष 2021 में टूनेश्वर मंडल की हत्या हुई थी। इस हत्या का आरोप चंद्रशेखर कापड़ी पर लगा था। चंद्रशेखर ने टूनेश्वर की हत्या कुल्हाड़ी से काटकर की थी। इस कारण चंद्रशेखर कापड़ी का नाम कुल्हडि़या भी हो गया। चंद्रशेखर के आतंक से सभी दहशत में रहते थे। पुलिस की कार्रवाई से किसान और मछली पालक को राहत मिली है। इन लोगों ने मांग की है कि पुलिस लगातार इस क्षेत्र पर नजर बनाए रखें। ये लोग अपराधियों से काफी डरे सहमे रहते हैं।