पश्चिम चंपारण| व्हीएसआरएस न्यूज: नौतन थाना क्षेत्र के मडुअहवा गांव के समीप जगदीशपुर जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे से पुलिस ने शुक्रवार की सुबह में अज्ञात अधेड़ का शव बरामद किया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेज दिया है। अज्ञात की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। प्रथम दृष्ट्या अधेड़ की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव के कंबल में लपेट कर फेंके जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। मृतक के शरीर के किसी अन्य अंग पर कोई जख्म का निशान नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह गांव के लोग खेतों में काम करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान किसी की नजर पड़ी। कंबल हटाकर देखकर उसमें अधेड़ मृत पड़ा था। यह सूचना पूरे गांव में आग की तरह फैली। सैकड़ों लोग मौके पर शव को देखने के लिए पहुंचे। लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। थानाध्यक्ष अनुज कुमार पांडेय ने बताया कि शव की पहचान अभी नही हो सकी है। अधेड़ की हत्या हुई है या स्वभाविक मौत है| अब यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल शव की पहचान कराने की कोशिश हो रही है।