उचकागांव। व्हीएसआरएस संवाददाता: अधिवक्ता गोलीबारी मामले को लेकर पुलिस ने जमसड़ी गांव में छापेमारी की। हांलाकि इस दौरान किसी भी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। थावे पुलिस ने बुधवार की रात करीब ग्यारह बजे छापेमारी शुरू की। जो करीब आधे घंटे तक चली। छापेमारी गांव के ही सीताराम सिंह के घर पर हुई।
पुलिस को आशंका है कि अधिवक्ता पर जानलेवा हमले के पीछे भूमि विवाद का कारण हो सकता है। छापेमारी के दौरान पुलिस को कुछ भी हासिल नहीं हो सका। लेकिन भूमि विवाद को लेकर पूर्व की दुश्मनी के बारे जानकारी मिली है। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष विशाल आनंद व भारी संख्या में पुलिस के जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि छापेमारी के पूर्व ही इसकी भनक परिवार को लग गई थी। घर में ताला लटका हुआ था।
आपको बताते चलें कि बुधवार की सुबह गोपालगंज कोर्ट जाने के दौरान उचकागांव थाने के जमसड़ी गांव के रहने वाले अधिवक्ता नवीन कुमार को थावे के बेदू टोला के समीप अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने गोलियों से छलनी कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया गया। गोरखपुर के डॉक्टरों ने भी चिंताजनक हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में आज यानी गुरूवार को उनका ऑपरेशन किया गया है। हालत स्थिर बतायी जा रही है।