गुवाहाटी| व्हीएसआरएस न्यूज : कल गुरुवार रात कुछ अज्ञात लोगों ने असम के दीमा हसाओ में उमरंगसो लंका रोड पर दिसमाओ गांव के करीब सात ट्रकों में आग लगा दी जिसके कारण पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। असम पुलिस ने इस घटना के पीछे उग्रवादी समूह पर संदेह जताया है। जिले के एसपी ने बताया कि असम राइफल्स की मदद से क्षेत्र में व्यापक तलाशीअभियान जारी है। उन्होंने बताया कि अपराधियों को पकड़ने के लिए असम राइफल्स की मदद ले रहे हैं। इसके लिए आस-पास के इलाके में व्यापक रूप से तलाशी कर रहे हैं।
प्रेट्र के अनुसार इन सभी ट्रकों में कोयले ले जाए जा रहे थे। गुरुवार रात दियूनमुख पुलिस स्टेशन से पांच किमी की दूरी पर रंगरबील इलाके में खड़ी ट्रकों में उग्रवादी समूह ने आग लगा दी।
हालांकि पुलिस ने इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए हैं और उग्रवादियों को पकड़ने के लिए आपरेशन की शुरुआत हो गई है। ट्रक मालिकों का दावा है कि उग्रवादियों ने उनसे पैसे मांगे थे।