गुहाटी| व्हीएसआरएस न्यूज: असम में आज मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस खत्म होगा। असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने राज्यपाल जगदीश मुखी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। असम में भाजपा विधायक दल की बैठक से पहले ही सर्बानंद सोनोवाल ने अपना इस्तीफा दे दिया। मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हेमंत बिस्वा शर्मा को असम का नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। असम का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला आज गुवाहाटी में होने वाली भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में होगा। इसके बाद शाम चार बजे विधायक दल का नेता राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेगा। मुख्यमंत्री पद की रेस में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हिमंता बिस्व सरमा को आगे बताया जा रहा है।
कल हुई थी भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात
हिमंता बिस्व सरमा अगले मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं। इसर्बानंद सोनोवाल और हेमंत बिस्वा को भाजपा आलाकमान ने मीटिंग के लिए दिल्ली बुलाया था। दोनों नेताओं की कल दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात भी हुई थी, जहां असम के नए मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर लंबी वार्ता चली। शनिवार को दोनों नेताओं, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और भाजपा महासचिव (संगठन) बीएल संतोष के बीच चार घंटे से अधिक समय तक तीन दौर की बातचीत हुई। नड्डा के आवास पर हुईं इन बैठकों में पहले दो दौर में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने सोनोवाल और सरमा से अलग-अलग मुलाकात की।
नरेंद्र सिंह तोमर और अरुण सिंह होंगे केंद्रीय पर्यवेक्षक
आपको बताते चले कि असम में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए भाजपा ने केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और पार्टी महासचिव अरुण सिंह को नामित किया है। इसके अलावा पार्टी के संसदीय बोर्ड ने तमिलनाडु विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। जबकि बंगाल में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पार्टी ने केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और पार्टी महासचिव भूपेंद्र यादव को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।