समस्तीपुर| व्हीएसआरएस न्यूज: मुसरीघरारी थाना की पुलिस टीम ने 20 वर्षों से फरार एक हत्यारोपी को दबोच लिया। उस पर खगड़िया जिला में हत्या का मामला दर्ज है जो वर्षों से फरार चल रहा था। पुलिस को वाहन चेकिंग दौरान अनुसंधान के क्रम में सफलता मिली। आरोपी को खगड़िया जिले के परबत्ता थाने की पुलिस के हवाले कर दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खगड़िया जिले के परबत्ता थाने के सतखुटी स्थित जुरावरपुर गांव के वार्ड संख्या चार निवासी अमित कुमार उर्फ डग्लस सिंह के रूप में की गई है।
इस बारे मे मुसरीघरारी थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि हुरहिया पेट्रोल पंप के निकट वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी क्रम में काला रंग का बिना नंबर के एक्सयूवी 500 तेज एवं लापरवाही से वाहन को चला रहा था। पुलिस को उक्त गाड़ी पर शंका हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे रूकने के लिए कहा गया। मगर पुलिस को चकमा देकर वह निकलना चाहा। लेकिन मुसरीघरारी की पुलिस गाड़ी का पीछा कर उसे रोक लिया। फिर उक्त आरोपी को थाना पर लाया गया। आरोपी के नाम पता के सत्यापन के लिए उक्त थाना से संपर्क किया गया। सत्यापन के क्रम में पता चला कि उक्त व्यक्ति वर्ष 2000 से एक हत्या के मामले में फरार चल रहा है। परबत्ता पुलिस को करीब 20 वर्षों से उसकी तलाश थी।
वही थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि उक्त आरोपी घोड़ा के मेला से लौट रहा था। अमित कुमार उर्फ डग्लस सिंह के गिरफ्तार होने की सूचना पर परबत्ता थाने की पुलिस ने मुसरीघरारी थाना पर पहुंचकर उसकी शिनाख्त की। इसके बाद मुसरीघरारी थानाध्यक्ष ने गिरफ्तार आरोपी को बरामद गाड़ी के साथ परबत्ता पुलिस के हवाले कर दिया। टीम में मुसरीघरारी थाने के एएसआई उमाशंकर राम व सशस्त्र बल शामिल थे।