भोजपुर| व्हीएसआरएस न्यूज: भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के तेघरा गांव में बुधवार को अहले सुबह हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर अचानक हमला कर दिया गया। महिलाओं ने चोर-चोर बताकर पत्थरबाजी शुरू कर दी। जिसमें थानाध्यक्ष समेत चार पुलिस कर्मी चोटिल हो गए। जिससे वहां अफरातफरी मच गई। बाद में पुलिस ने हमलावर महिलाओं समेत सात आरोपियों को धर दबोचा। इसे लेकर एफआइआर दर्ज किया गया है। इधर, भोजपुर एसपी हर किशोर राय ने पुलिस टीम पर पथराव होने की पुष्टि करते हुए बताया कि अभी तक सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही हैं। बुधवार की सुबह तक पुलिस गिरफ्तारी में लगी रही। दूसरी महिलाओं ने भी पुलिस पर मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है।
तस्करी में फरार तीन धंधेबाजों को पकड़ने गई थी पुलिस
मिली जानकारी अनुसार बिहिया थानाध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस की टीम बुधवार की सुबह करीब पांच बजे हेरोइन तस्करी में फरार तेनुआ अनुसूचित जाति टोला गांव निवासी टुनटुन नट, जितेंद्र नट व अफिमची नट को गिरफ्तार करने के लिए गई हुई थी। इस दौरान घर की महिलाओं ने आरोपियों को बचाने के लिए समूह बनाकर पुलिस टीम पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। जिससे अफरातफरी मच गई। पथराव में थानाध्यक्ष शाशिभूषण प्रसाद, एएसआई अमरेन्द्र कुमार समेत दो होमगार्ड जवान घायल हो गए। बाद में सभी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भेजा गया।
महिलाओं ने पुलिस पर भी लगाया मारपीट करने का आरोप
वही छापेमारी के दौरान पुलिस की कथित पिटाई से घायल राजू नट की पत्नी पूजा देवी,मुकेश नट की पत्नी निशा देवी, नंदजी नट की पत्नी पूजा देवी, युनूस नट की पत्नी सोमारी देवी, गोधन नट की पत्नी पूजा देवी, इन्द्रजीत नट व उसकी पत्नी सिरिया देवी का इलाज बुधवार को सदर अस्पताल, आरा में कराया गया। महिलाओं ने पुलिस पर ही मारपीट करने का आरोप लगाया है। बाद में सदर अस्पताल पहुंची पुलिस ने करीब सात महिलाओं को हिरासत में ले लिया। जिनसे पूछताछ चल रही हैं। हालांकि, इद्रीश नट फरार हो गया। दूसरी ओर पुलिस ने महिलाओं द्वारा लगाए गए आरोपों को सरासर गलत बताया हैं।