पटना| व्हीएसआरएस न्यूज: पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ रही कीमतों के विरोध में राष्ट्रीय जन कल्याण समिति के बैनर तले आज गुरुवार को गांधी मैदान धरना स्थल के समीप रोड़ पर जमीन पर लेट कर प्रदर्शन किया गया। मुख्य सड़क पर कार्यकर्ता लेट गए और सरकार के खिलाफ जमकर आक्रोश जाहिर किया।
अब सहनशीलता की हो गई है हद
इस बारे श्रमिक नेता के अध्यक्ष अनिल कुमार श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष ललन प्रजापति, महासचिव शत्रुघन राय के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया गया। अनिल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि दिन प्रतिदिन पेट्रोल डीजल तथा घरेलू गैस के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है। यह सहनशीलता और धैर्य की पराकाष्ठा हो गई है। लगातार बढ़ती कीमतों से लोग काफी परेशान हैं। हर वर्ग इस कारण समस्या झेल रहा है। उनकी आर्थिक स्थिति प्रतिदिन कमजोर होती जा रही है।
बेरोजगारी और महंगाई से हर वर्ग त्रस्त
वही उपाध्यक्ष ललन प्रजापति ने कहा कि पूरा देश इस समय महंगाई की मार झेल रहा है। किसान-मजदूरों की आर्थिक स्थिति दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है एक तो देश कोरोना काल का दंश झेल रहा था। अब महंगाई ने जीना मुहाल कर दिया है। इससे गरीबों की रोजी-रोटी, रोजगार पर ग्रहण लगता जा रहा है। देश की सबसे बड़ी 60 प्रतिशत की युवा आबादी रोजगार के अभाव में दर-दर भटक रही है लेकिन देश के मुखिया को इसकी चिंता नहीं है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेट्रोल डीजल और रसोई गैस का दाम बढऩे से हर आदमी प्रभावित है। हर घर की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। लोग परेशान हैं। लेकिन सरकार को इससे कोई मतलब ही नहीं है। प्रदर्शन में शिव कुमार दास, डॉ जवाहर प्रसाद, दीपक कुमार पंडित, छोटू आदि शामिल हुए।