औरंगाबाद| व्हीएसआरएस न्यूज: औरंगाबाद-हरिहरगंज मुख्य पथ पर मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रामा बांध बस स्टैंड के पास शनिवार को ट्रक ने स्कूटी सवार दो लोगों को कुचल दिया। चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल लाया गया। वहां एक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दूसरे की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने रेफर कर दिया। मृतक की पहचान बारुण थाना क्षेत्र के सिरिस गांव निवासी अनिल मेहता के पुत्र विकास कुमार के रूप में की गई है। घायल अंबा थाना क्षेत्र के महावीरगंज निवासी अमरेंद्र कुमार है। मृतक युवक अमरेंद्र का साला था।
बहनोई के साथ स्कूटी से लौट रहा था विकास
मिली जानकारी अनुसार विकास महावीर गंज गांव अपनी बहन के घर गया था। शनिवार को वहां से लौट रहा था। बहनोई अमरेंद्र की स्कूटी से वह औरंगाबाद आ रहा था। जैसे ही रामाबांध बस स्टैंड के पास स्कूटी पहुंची, पीछे से आया ट्रक उन्हें कुचलता चला गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। घायल अमरेन्द्र का इलाज करने के बाद रेफर कर दिया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अंबा और सिरिस गांव से स्वजन पहुंच गए। विकास का शव देख स्वजन चित्कार कर उठे। उनके विलाप से दूसरे लोगों की आंखें भी नम हो गईं। घटना की सूचना पर सदर अस्पताल पहुंची पुलिस ने घायल का बयान लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
आपको बताते चले कि प्रशासन की तमाम कवायद के बावजूद आए दिन ट्रकों और ट्रैक्टर की वजह से सड़क हादसे हो रहे हैं। तेज रफ्तार पर लगाम लगता नहीं दिख रहा। चाहे बात राजधानी पटना की हो या किसी और जिले की। अमूमन हर दिन दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है।