औरंगाबाद| व्हीएसआरएस न्यूज: पत्नी से चल रहे विवाद से परेशान सीआरपीएफ के जवान ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दाउदनगर थाना क्षेत्र के कनाप गांव निवासी देवराज सिन्हा के 31 वर्षीय पुत्र क्षत्रमणि उर्फ गुंजन कुमार की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और स्वजन को सौंप दिया। मृतक के पिता ने इसके लिए अपनी बहू को जिम्मेदार ठहराया है।
जवान ओडिशा में था पदस्थापित
जवान के पिता देवराज सिन्हा ने थाने में आवेदन देकर बताया है कि उनका पुत्र ओडिशा में पदस्थापित था। छुट्टी लेकर वह 19 दिसंबर को घर आया था। बुधवार सुबह किसी बात पर गुंजन का विवाद उसकी पत्नी से हुआ था। इसके बाद तनाव में वह घर से निकल गया। करीब 12 बजे वापस आया। इसके बाद शाम पांच बजे लौटा। घर आते ही पत्नी फिर गुंजन से झगड़ा करने लगी। इसके कुछ देर बाद लगभग साढ़े छह बजे शाम में बेटे के कमरे से चीखने की आवाज आई। दौड़कर गए तो देखा कि बेटा फंदे से लटका हुआ था।
वही दुपट्टे से उसने फंदा लगा लिया था। आनन-फानन में उसे उतारा गया। लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी। मृतक के पिता ने मौत का कारण पत्नी की प्रताड़ना बताया है। कहा है कि पत्नी से प्रताडि़त होकर उनके बेटे ने जान दी है।