कटिहार। व्हीएसआरएस न्यूज: नगर निगम के मेयर पद पर वार्ड संख्या 16 के निगम पार्षद शिवराज पासवान उर्फ शिवा पासवान निर्वाचित हुए। बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे समाहरणालय सभागार में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मेयर पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई। मेयर पद के लिए शिवराज पासवान ने अपनी दावेदारी पेश की। प्रस्तावक पूर्व उपमेयर पुष्पा देवी तथा समर्थन पूर्व उपमेयर मंजूर खान ने किया। शिवराज के अतिरिक्त किसी भी निगम पार्षद ने मेयर पद के लिए दावेदारी पेश नहीं की। चुनाव प्रक्रिया जिलाधिकारी कंवल तनुज की देख-रेख में पूरी की गई। प्रेक्षक के रूप में पूर्णिया के अपर समाहर्ता की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
बताते चलें कि निवर्तमान मेयर विजय सिंह के बरारी से जदयू के टिकट पर निर्वाचित होने के बाद इस्तीफा देने के कारण मेयर पद रिक्त था। वर्तमान में उपमेयर सूरज प्रकाश राय प्रभारी मेयर के रूप में काम देख रहे थे। नगर निगम का कार्यकाल करीब चार माह शेष रह गया है। बुधवार को संपन्न मेयर पद के चुनाव को लेकर गहमागहमी नहीं देखी गई। एक घंटे में ही चुनाव प्रक्रिया पूरी कर शिवराज पासवान को निर्विरोध मेयर निर्वाचित घोषित किया गया। वे नगर निगम के पहले निर्विनोध मेयर बने हैं। नगर निगम में 45 निगम पार्षद में निवर्तमान मेयर के विधायक बनने के बाद पार्षदों की संख्या वर्तमान में 44 है। इसमें वार्ड संख्या एक के निगम पार्षद चुनाव प्रक्रिया में उपस्थित नहीं हुए। विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सदर अनुमंडलाधिकारी शंकर शरण ओमी व एसडीपीओ अमरकांत झा समहरणालय परिसर के आस-पास की स्थिति का जायजा लेते रहे।
सुरक्षा की रही चाक चौबंद व्यवस्था
मेयर पद के चुनाव को लेकर समाहरणालय एवं इसके आस-पास सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। समाहरणालय के दोनों प्रवेश द्वार पर दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। निगम पार्षदों को भी परिचय पत्र दिखाने के बाद ही समाहरणालय परिसर में प्रवेश करने दिया गया।
समर्थकों ने निकाला विजय जुलूस
मेयर पद पर शिवराज पासवान के निर्विरोध निर्वाचन पर उनके समर्थकों द्वारा विजय जुलूस भी निकाला गया। विजय जुलूस समाहरणालय के समक्ष से निकलकर नगर निगम कार्यालय तक गया। जुलूस में नव निर्वाचित मेयर के साथ-साथ अधिकांश वार्ड पार्षद भी मौजूद थे।
जलनिकासी होगी प्राथमिकता
नवनिर्वाचित मेयर शिवराज पासवान ने कहा कि निगम क्षेत्र में जलजमाव की समस्या का समाधान उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि निगम पार्षदों के साथ टीम भावना के साथ विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उन्होंने निर्विरोध निर्वाचित होने पर सभी पार्षदों के प्रति आभार भी व्यक्त किया। मेयर ने कहा कि शहर सौंदर्यीकरण एवं पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी काम किया जाएगा। शहरी क्षेत्र के गरीब लोगों को सरकारी योजना का लाभ दिलाने के साथ ही नाला सफाई पर मुख्य फोकस रहेगा।
मेयर पद का चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया। मेयर के लिए शिवराज पासवान ने अपनी दावेदारी पेश की। अन्य किसी निगम पार्षद द्वारा दावेदारी पेश नहीं किए जाने के कारण निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। – कंवल तनुज, जिलाधिाकरी, कटिहार।