पटना| व्हीएसआरएस न्यूज: पटना सिटी में बाईपास थाना क्षेत्र के मिश्रा पेट्रोल पंप के सामने सर्विस लेन में शुक्रवार की रात गृहप्रवेश से लौट रहे व्यवसायी सह किसान को लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को इलाज के लिए पहाड़ी पर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान शनिवार की सुबह युवक की मौत हो गई। स्थानीय लोगों में बाईपास थाना के प्रति आक्रोश है। इधर बाईपास थानाध्यक्ष संजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि बदमाशों की खोज में छापेमारी जारी है।
गृह प्रवेश में शामिल होकर लौट रहे थे
इस बारे मे मृतक के स्वजनों ने बताया कि बेगमपुर देवी स्थान के समीप रहनेवाले विश्वनाथ मेहता के 46 वर्षीय पुत्र विनय कृष्ण शुक्रवार की रात बाईपास थाना के समीप शेषनाथ महतो के गृह प्रवेश में गए थे। गृह प्रवेश में शामिल होकर विनय रात लगभग नौ बजे घर के लिए बाइक से निकले। वे मिश्रा पेट्रोल पंप से सर्विस लेन में एक दोस्त से मिलने जा रहे थे। दोस्त के गोदाम से कुछ दूर पूर्व तीन बदमाशों ने व्यवसायी सह किसान विनय कृष्ण की बाइक को रोका। बदमाशों ने इनसे लूट का प्रयास किया। बदमाशों की मंशा समझ विनय ने विरोध जताया। विरोध जताने पर एक बदमाश ने व्यवसायी सह कृषक के पेट में चाकू मारकर घायल कर दिया।
इलाज के दौरान लगातार बिगड़ती गई हालत
वही घायल विनय ने चाकू मारने की सूचना दोस्त को मोबाइल पर दी। सूचना मिलते ही दोस्त और अन्य घटनास्थल पहुंचे। उधर गृहप्रवेश वाले घर पर भी विनय के पेट में चाकू मारने की सूचना पाकर लोग पहुंचे। गंभीर रूप से घायल व्यवसायी सह कृषक को इलाज के लिए पहाड़ी पर स्थित बिग हॉस्पीटल ले जाया गया। रात भर व्यवसायी सह कृषक का इलाज के बाद भी हालत बिगड़ती गयी।
शनिवार की सुबह लगभग छह बजे व्यवसायी सह कृषक विनय कृष्ण ने दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि जिस क्षेत्र में विनय को लूटपाट का विरोध करने पर चाकू मारकर हत्या की गई है, वहां अक्सर लूटपाट की घटनाएं होती हैं। इधर बाईपास थाना पुलिस छानबीन कर चाकू मारनेवाले बदमाशों की खोज में जुटी है।