आरा। व्हीएसआरएस न्यूज: भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाउर गांव में समोसे को लेकर उपजे विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। एक सप्ताह पूर्व युवक की पिटाई की गई थी। बुधवार की रात इलाज के दौरान घायल ने सदर अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में दम तोड़ दिया। मृतक 26 वर्षीय वीरू राम बेलाउर गांव के अनुसूचित जाति टोला निवासी रामदेव राम का पुत्र था। गुरुवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया। इसे लेकर संबंधित थाना में आठ के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पिटाई के बाद सदर अस्पताल में चल रहा था इलाज
मिली जानकारी अनुसार मजदूरी कर जीवन-यापन करने वाला बीरू राम 30 जनवरी को बेलाउर बाजार स्थित एक दुकान पर समोसा खा रहा था। इस दौरान पड़ोस का एक युवक इस बात पर उलझ गया कि वह दिखाकर समोसा खा रहा था। इसको लेकर झगड़ा हुआ। इधर, मृतक के मौसेरे भाई सूरज ने बताया कि घटना की शाम गांव में ही मुन्ना राम से मामूली बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद मुन्ना राम एवं उसके कुछ साथियों ने मिलकर बीरू की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी थी। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल आरा में भर्ती कराया गया था। एक सप्ताह इलाज चलने के बाद बुधवार की रात इमरजेंसी वार्ड में उसने दम तोड़ दिया। स्थानीय पुलिस ने इसकी सूचना उदवंतनगर पुलिस को दी।
गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी जारी
आपको बताते चले कि एफआइआर के आधार पर पुलिस ने सुरेंद्र राम व उषा देवी नामक दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी के नेतृत्व में छापेमारी चल रही है। पुलिस के अनुसार मामूली बात को लेकर झगड़ा होने की बात सामने आ रही है। प्राथमिकी के आधार पर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। वारदात के बाद से सभी आरोपित फरार चल रहे हैं|