पटना| व्हीएसआरएस न्यूज: बिहार सहित पूरे देश में आज मकर संक्रांति का पर्व मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राज्यपाल फागू चौहान व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी शुभकामनाएं दी हैं। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी मकर संक्रांति और लोहड़ी पर्व के अवसर पर अपनी शुभकामनाएं दी हैं। उधर, राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पार्टी को गरीबों को दही-चूड़ा भोज कराने का निर्देश दिया है।
जीवन में सुख, सद्भावना और प्रेम का हो संचार : राज्यपाल
राज्यपाल फागू चौहान ने अपने संदेश में कहा है कि मकर संक्रांति और लोहड़ी के पर्व राज्यवासियों के जीवन में सुख, सद्भावना और प्रेम का संचार करें, यही मेरी मंगलकामना है।
पारस्परिक स्नेह और सौहार्द्र के साथ मनाएं पर्व: मुख्यमंत्री
वही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मकर संक्रांति पर देश एवं प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि मकर संक्रांति और लोहड़ी के पर्व लोगों के लिए सुख, शांति और समृद्धि लाएंगे। मकर संक्रांति तथा लोहड़ी के पर्वों के सांस्कृतिक महत्व भी हैं। मकर संक्रांति के पावन स्नान के बाद लोग चूड़ा, दही, तिलकुट खाते और खिलाते हैं। इससे परस्पर प्रेम और सद्भाव बढ़ता है। नयी फसलों के घर आने की खुशी में लोहड़ी पर्व मनाया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग इन पर्वों को हर्षोल्लास, पारस्परिक स्नेह और सौहार्द्र के साथ मनाएं। इससे समाज में सामाजिक समरसता बढ़ेगी और सभी के सहयोग से एक खुशहाल, विकसित और गौरवपूर्ण बिहार का निर्माण होगा।
आरजेडी को लालू का दही-चूड़ा भोज कराने का निर्देश
आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने पार्टी के सभी विधायकों व नेताओं-कार्यकर्ताओं को मकर संक्रांति के दिन गरीबों को दही-चूड़ा भोज कराने का निर्देश दिया है।
तेजस्वी-तेज प्रताप व मीसा ने भी दी शुभकामनाएं
आपको बताते चले कि उधर, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी मकर संक्रांति और लोहड़ी पर्व के अवसर पर अपनी शुभकामनाएं दी हैं। तेजस्वी ने मकर संक्रांति पर गरीबों को भी याद रखने और उन्हें घर बुलाकर खिलाने की अपील की है। सांसद मीसा भारती एवं विधायक तेज प्रताप ने भी शुभकामनाएं दी हैं।