गया| व्हीएसआरएस न्यूज: कोरोना का खतरा अभी थमा नहीं है। एक बार फिर आंकड़े डराने लगे हैं। खासकर महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या काफी बढ़ गई हैं। ऐसे में होली में वहां से आने वाले लोगों के संक्रमित होने और बिहार में दोबारा कोरोना संक्रमण फैलने की संभावना को देखते हुए प्रशासनक चौकस है। इस क्रम में गया जंक्शन पर सोमवार को मुंबई से आए पांच रेल यात्री कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें से दो संक्रमितों को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। वरीय चिकित्सक इनकी सेहत पर नजर रख रहे हैं। शेष तीन को होम क्वारंटाइन में रहने का निर्देश दिया गया है।
मुंबई से आए 64 में से पांच मिले संक्रमित
गया जंक्शन पर ट्रेन संख्या 02322 डाउन मुंबई-हावड़ा मेल सोमवार को 1 बजकर 45 बजे पहुंची। ट्रेन से उतरने यात्रियों की जिला प्रशासन की मेडिकल टीम ने कोरोना जांच की। इस दौरान मुंबई से आने वाले 64 यात्रियों की जांच की गई। इनमें से पांच यात्री पॉजिटिव पाए गए। कोरोना पॉजिटिव मिले यात्रियों में गया शहर के समीर तकीया, मौला नगर, लखीबाग, बेलागंज के लोग शामिल हैं। एक साथ पांच पॉजिटिव मिलने से जिला प्रशासन के कान खड़े हो गए हैं। अब चौकसी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन मुंबई से आने वालों को लेकर बरत रहा चौकसी
महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने सिविल सर्जन को मुंबई से आने वाली सभी गाडि़य़ों से उतरने वाले रेल यात्रियों की जांच का निर्देश दिया गया है। इस निर्देश के तहत सिविल सर्जन डॉ. कमल किशोर राय ने मेडिकल टीम स्टेशन पर भेजी है। वहां रेलवे सुरक्षा बल के सहयोग से जांच की जा रही है। गया स्टेशन अधीक्षक केके त्रिपाठी ने बताया कि मुंबई से गया आने वाली मुख्य ट्रेन 02322 डाउन मुंबई हावड़ा मेल है। यह प्रतिदिन चलती है। इसके अलावा प्रत्येक रविवार को कोल्हापुर, धनबाद, दीक्षाभूमि एक्सप्रेस एवं कुर्ला रांची एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन आती है।
यात्रियों से मास्क पहनने व शारीरिक दूरी रखने का अनुरोध
होली पर्व के मद्देनजर गया जंक्शन एवं गया आने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों से उतरने वाली रेल यात्रियों की विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आरपीएफ इंस्पेक्टर एएस सिद्दीकी ने बताया कि महाराष्ट्र में कोरोना मामलों की बढ़ती संख्या देखते हुए रेल प्रशासन पूछताछ काउंटर से बार-बार अनाउंसमेंट करा रहा है। कहा जा रहा है कि स्टेशन पर शारीरिक दूरी का पालन करते हुए ट्रेनों में सफर करें। साथ ही कोरोना संक्रमण को लेकर मास्क पहनने का रेल यात्रियों से अनुरोध किया जा रहा है।
वहीं, आरपीएफ व जीआरपी के द्वारा मुंबई, दिल्ली के अलावा अन्य प्रदेशों से आने वाले रेल यात्रियों का थर्मल स्क्रीङ्क्षनग किया जा रहा है। जंक्शन पर आरपीएफ के द्वारा सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता के लिए विभिन्न प्लेटफॉर्मो पर अधिकारी व जवानों की तैनाती की गई है।