व्हीएसआरएस न्यूज़ (मुंबई) देश में कोरोना की दूसरी लहर चल रही है और इसे पहले वाले कोरोना वायरस से भी खतरनाक बताया जा रहा है। बीते 24 घंटे में देश में 93 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं, जबकि 513 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के आगे अपना दम तोड़ा है।
- मुंबई में पहली बार एक दिन में 11 हजार से ज्यादा मरीज मिले। यहां 11,163 केस मिले हैं। पुणे में 12,494 और नागपुर में 4,110 मरीज मिले हैं। नागपुर में 62 मौतें भी हुई हैं।
महाराष्ट्र में कोरोना के नए मामलों ने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। राज्य में नाइट कर्फ्यू और धारा 144 जैसे सख्त फैसलों के बीच 57 हजार से ज्यादा नए मरीज मिले हैं। मुंबई और पुणे में भी क्रमश 11 और 12 हजार के करीब मरीज मिले। महाराष्ट्र में रविवार को 222 मौतें दर्ज हुईं। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग की जानकारी के अनुसार, 4 अप्रैल को पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 57074 नए कोरोना के मामले रिपोर्ट हैं। मुंबई को पीछे छोड़ते हुए पुणे में रिकॉर्ड 12494 नए मामले मिले हैं। जबकि मुंबई कोरोना के रोजाना के मामले में 11 हजार से ज्यादा मिले हैं।
मुंबई में कोरोना के 11,163 नए मामले सामने आए, 5263 रिकवर हुए और 25 मौतें हुईं हैं। यहां कुल मामले 4,52,445 हैं। कुल 3,71,628 रिकवर हुए। सक्रिय मामले 68,052 हैं। कोरोना से 11,776 की मौत हुई है।
वहीं राज्य के नागपुर जिले में रविवार को कोरोना के 4 हजार 110 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या यहां बढ़कर 2 लाख 41 हजार 606 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिले में 62 लोगों की मौत हुई। जिले में अब तक कुल 5 हजार 327 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को 3 हजार 497 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली, जिसके बाद कुल स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 1 लाख 94 हजार 908 हो गई। जिले में अब 41 हजार 371 मरीजों का उपचार चल रहा है।
महाराष्ट्र में दो करोड़ से ज्यादा कोरोना टेस्ट हो चुके हैं और इनमें से 30 लाख से ज्यादा पॉजिटिव पाए गए हैं। इसी तरह से महाराष्ट्र में पॉजिटिविटी रेट 14.66 फीसदी तक पहुंच गया है, जो देश के औसत से तीन गुना से भी ज्यादा है। महाराष्ट्र में कोरोना के 22 लाख से ज्यादा मरीज होम क्वारंटाइन हैं, जबकि 19,711 विभिन्न जगहों पर इलाज करा रहे हैं । महाराष्ट्र में एक्टिव केस 4 लाख 30 हजार 503 एक्टिव केस हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 66803 मुंबई में हैं। लेकिन पुणे में सक्रिय मरीज 81,317 हैं, जबकि ठाणे में इनकी संख्या 53हजार से ज्यादा है।