गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: भोजपुरी फिल्म अभिनेता व लोक गायक नागेंद्र उजाला की भगीनी को दहेज के लिए जलाकर हत्या कर दी गई। साक्ष्य मिटाने के लिए शव को भी ससुरालवालों ने जला दिया। घटना जिले के भोरे थाना क्षेत्र के भानपुर बनकटा गांव की है।
मृतक भोजपुरी गायक नागेन्द्र उजाला की भगीनी व विजयीपुर थाने के मठ महुअवा गांव के उमेश कुशवाहा की पुत्री जूही कुशवाहा थी। इस मामले में मृतका की मां आरती देवी के बयान पर पति, सास व ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सास व ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के संबंध में बताया जता है कि जूही कुशवाहा की शादी 27 नवंबर 2020 को भोरे थाने के भानपुर बनकटा गांव के कोमल भगत के पुत्र अभिषेक कुशवाहा के साथ की थी। शादी के बाद से ही जूही को उसके ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपए नगद व बुलेट गाड़ी के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। प्रताड़ना की सूचना मिलने के बाद जूही के दादा नागेंद्र भगत मिलने उसके ससुराल भी गये थे। जहां उसने पूरी बात बतायी थी। इसके बाद ससुराल वालों से बात कर पूरे मामले को सुलझा लिया गया था। लेकिन इसके बाद भी प्रताड़ना जारी रहा। इसी बीच रविवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे कोमल भगत ने फोन कर जूही के पिता को उसके जल जाने की सूचना दी। नागेंद्र उजाला व उसके परिवार के अन्य लोग जब भानपुर बनकटा पहुंचे तब पता चला कि जूही के ससुराल वालों ने ही उसको जिंदा जला कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया। तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तत्काल जूही के सास और ससुर गिरफ्तार कर लिया।