समस्तीपुर| व्हीएसआरएस न्यूज: जिले के वैनी ओपी के कैजिया विष्णुपुर गांव में रविवार को भूमि विवाद में 58 वर्षीय महेश्वर सिंह की पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं मृतक के पत्नी वीणा देवी और भाई मंटू सिंह गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना सुबह 11 बजे की बताई गई है। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायलों को ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराया।
यह हुई घटना
कैजिया निवासी धर्मदेव सिंह के पुत्र 58 वर्षीय महेश्वर सिंह के गांव में पुश्तैनी जमीन भवन निर्माण का कार्य चल रहा था। रविवार को हरवे हथियार से लैश आधा दर्जन कतिपय लोगों ने आकर निर्माणाधीन मकान में चल रहे कार्य को रोकने का प्रयास किया। इसका विरोध करने पर महेश्वर सिंह और परिवार के तीन सदस्यों को मारपीट किया। इस क्रम में घटनास्थल पर ही महेश्वर सिंह की मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी वीणा देवी और मंटू सिंह गंभीर रुप से घायल हो गए। इसके बाद अफरा तफरी का माहौल हो गया।
घटना को अंजाम देकर सभी आरोपित भाग निकले। मामला भूमि विवाद का बताया गया है। थानाध्यक्ष नंद किशोर यादव ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे कि कार्रवाई की जाएगी। समाचार प्रेषण तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी।