दिल्ली| व्हीएसआरएस न्यूज: भारतीय जनता पार्टी मंगलवार को अपना 41वां स्थापना दिवस मना रही है| इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए खास संदेश दिया| उन्होंने पार्टी को इस मुकाम तक पहुंचाने वाले नेताओं को नमन किया और बीजेपी सदस्यों को इस मौके पर बधाई दी| उन्होने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के 41 वर्ष इस बात के साक्षी हैं कि सेवा कैसे की जा सकती है, कार्यकर्ताओं के दम पर कैसे पार्टी आगे बढ़ती है। आज देश के हर राज्य, जिले में पार्टी के लिए कई पीढ़ियों ने काम किया है। पीएम मोदी ने अपने विरोधियों को जवाब देते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ चुनाव जीतने की मशीन नहीं है, भाजपा दिल जीतने का अभियान है, इसीलिए हमें हर संप्रदाय का समर्थन मिल रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आप सभी को भाजपा स्थापना दिवस की बहुत-बहुत बधाई। पार्टी के गौरवशाली यात्रा के आज 41 वर्ष पूरे हो रहे हैं। ये 41 वर्ष इस बात के साक्षी हैं कि सेवा और समर्पण के साथ कोई पार्टी कैसे काम करती है।
कहा- सत्ता छोड़ी, लेकिन नियमों से नहीं किया समझौता
प्रधानमंत्री ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी से लेकर अटल बिहारी वाजपेयी ने भाजपा को राह दिखाई, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी जैसे नेताओं ने पार्टी को आगे बढ़ाया है। हमारे यहां व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा देश है। एक वक्त था जब अटल बिहारी ने एक वोट से सरकार गिरने दी, लेकिन नियमों से समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि देश में राजनीतिक स्वार्थ के लिए दल टूटे हैं, लेकिन भाजपा में कभी ऐसा नहीं हुआ।
भाजपा ने दिलाया कश्मीर को संवैधानिक अधिकार
प्रधानमंत्री ने कहा कि इमरजेंसी के दौरान भाजपा के कई नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। कोरोना काल में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सेवा की। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें आत्मनिर्भर भारत अभियान को आगे बढ़ा रही हैं। पीएम ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान की शक्ति है कि हम वो स्वप्न पूरा कर पाएं। अनुच्छेद 370 हटाकर कश्मीर को संवैधानिक अधिकार दे पाएं। वहां से आतंकवाद का खात्मा कर विकास किया जा रहा है।
सतर्क रहें कार्यकर्ता
उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं को विरोधियों के खिलाफ सतर्क रहने की बात कही है| उन्होंने कहा कि विरोधी भ्रम फैलाकर लोगों को भड़का रहे हैं| बीजेपी कार्यकर्ता सतर्क रहें. उन्होंने कहा, ‘आज गलत नैरैटिव बनाए जाते हैं- कभी को लेकर, कभी कृषि कानूनों को लेकर, कभी लेबर लॉ को लेकर, बीजेपी के प्रत्येक कार्यकर्ता को समझना होगा कि इसके पीछे सोची-समझी राजनीति है, ये एक बहुत बड़ा षड़यंत्र है|
आगे पीएम ने कहा कि इसका मकसद है देश में राजनीतिक भूचाल पैदा करना| इसलिए देश में तरह-तरह की अफवाहें फैलाई जाती हैं, भ्रम फैलाया जाता है. कभी कहा जाता है संविधान बदल दिया जाएगा. कभी कहा जाता है कि आरक्षण समाप्त कर दिया जाएगा. ये सब कोरे झूठ होते हैं|